logo

नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान घायल छात्रों से मिले बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम

rajesh10.jpg

द फॉलोअप डेस्क, पटना:

नीट पेपर लीक के खिलाफ सिवान में प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पुलिस फायरिंग में घायल हुए छात्रों से बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने मेदांता अस्पताल में मुलाकात की। राजेश राम ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन कर रहे छात्रों पर गोली चलाना लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के खिलाफ है।  उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज़ को दबाने के लिए बलप्रयोग किसी भी लोकतांत्रिक सरकार के लिए उचित नहीं ठहराया जा सकता।

राज्य सरकार से घायलों के इलाज की मांग
राजेश राम ने घायलों और उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई इस घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से सभी घायल छात्रों के समुचित एवं नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था करने, उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने तथा छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज सभी मुकदमों को वापस लेने की मांग की।

लोकतंत्र में छात्रों की आवाज सुनना जरूरी!
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों की आवाज़ को सुनना सरकार का दायित्व है, न कि दमन और हिंसा के माध्यम से उसे दबाना। कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और न्याय की लड़ाई को हर स्तर पर मजबूती से उठाती रहेगी। इस अवसर पर  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ पार्टी नेता प्रेमचंद सिंह, रंजीत कुमार बाल्मीकि मौजूद थे।
 

Tags - Rajesh RamBihar Student ProtestNEET Paper LeakBihar Police