हजारीबाग:
Hazaribagh News : हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग से जुड़े अपराधी तुषार मिश्रा ने पुलिस कस्टडी से फरार होने की कोशिश की। हत्यारी मोड़ के पास शौच जाने का बहाना बनाकर उसने पुलिस वाहन रुकवाया और मौका मिलते ही भागने लगा। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान तुषार मिश्रा के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। घायल तुषार को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग लाया गया है।
होटल एक इंटरनेशनल में फायरिंग मामले में आरोपी है तुषार
मामला हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र स्थित होटल एक इंटरनेशनल में हुई फायरिंग की घटना से जुड़ा है। इस घटना में तुषार मिश्रा की संलिप्तता सामने आई थी। वह फिलहाल रामगढ़ जेल में बंद था। हजारीबाग पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ के लिए हजारीबाग ला रही थी।
हत्यारी मोड़ के पास भागने का किया प्रयास
इसी दौरान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास तुषार मिश्रा ने शौच जाने का बहाना बनाकर पुलिस वाहन रुकवाया। इसके बाद मौका पाकर वह भागने लगा। उसकी भागने की कोशिश को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। इस दौरान हुई झड़प में तुषार मिश्रा के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास करने के दौरान अपराधी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। घायल तुषार मिश्रा को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया है।