द फॉलोअप डेस्क:
MLC Oath Ceremony: बिहार विधान परिषद (Bihar Legislative Council) के आठ नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सोमवार को विधान परिषद के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकारी सभापति रामवचन राय सभी आठ सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (CM Samrat Choudhary) के साथ दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा राज्य सरकार के कई मंत्रियों के शामिल होने की भी संभावना है।

चार स्नातक और चार शिक्षक सीटों पर मिली जीत
विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हाल ही में चुनाव कराए गए थे। इनमें चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल थीं। चुनाव में जीत दर्ज करने वाले सभी आठ सदस्यों के नाम बिहार सरकार के निर्वाचन विभाग की ओर से 17 नवंबर को जारी गजट में प्रकाशित किए गए हैं। पटना स्नातक सीट से जेडीयू के नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक सीट से आरजेडी के अनिल कुमार झा, तिरहुत स्नातक सीट से निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी और कोसी स्नातक सीट से बीजेपी के डॉ. एनके यादव निर्वाचित हुए हैं।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से इन चार नेताओं ने दर्ज की जीत
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर भी अलग-अलग दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। पटना शिक्षक सीट से आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार, दरभंगा शिक्षक सीट से जन सुराज पार्टी के सुरेश प्रसाद राय, तिरहुत शिक्षक सीट से बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह और सारण शिक्षक सीट से निर्दलीय डॉ. राहुल राज विधान पार्षद चुने गए हैं। अब सोमवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के साथ सभी आठ नवनिर्वाचित सदस्य औपचारिक रूप से विधान परिषद की सदस्यता ग्रहण करेंगे। परिषद प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।