Bettiah Jewellery Robbery: बिहार (Bihar) के बेतिया (Bettiah) में बुधवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। नगर के कालीबाग थाना (Kalibagh Police Station) क्षेत्र स्थित सुप्रिया रोड पर सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स के शोरूम को आठ हथियारबंद बदमाशों ने निशाना बनाया। तीन बाइक से पहुंचे अपराधी शोरूम में घुसे और हथियार के बल पर कर्मचारियों को अपने कब्जे में लेकर सोने और हीरे के आभूषण लूट लिए। इसके बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से शहर में हड़कंप मच गया।

30 से 40 करोड़ के गहने लूटे जाने की आशंका
शुरुआती जानकारी के अनुसार, बदमाश शोरूम से बड़ी मात्रा में सोने और हीरे के आभूषण लेकर भागे हैं। लूटे गए गहनों की कीमत करीब 30 से 40 करोड़ रुपये होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का पता लगाने के लिए शोरूम के स्टॉक का आकलन किया जा रहा है। इसके बाद ही लूटे गए आभूषणों की सही कीमत स्पष्ट हो सकेगी। घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी हर किशोर राय, एसपी और कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने शोरूम का निरीक्षण किया और वहां मौजूद कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए पुलिस शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आसपास के प्रतिष्ठानों और सड़कों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अपराधी किस रास्ते से पहुंचे थे और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए।
.jpeg)
जिले के सभी थानों को किया गया अलर्ट
करोड़ों रुपये की इस बड़ी लूट के बाद जिले के सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ प्रमुख सड़कों और सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने और लूटे गए आभूषणों को बरामद करने का है।