द फॉलोअप,बिहार
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। बंगाल STF ने बक्सर सेंट्रल जेल से एक आरोपी को रिमांड पर लिया और कोलकाता के लिए रवाना हो गई। फिलहाल मामले में जांच को लेकर गतिविधियां और तेज कर दी गई हैं।

STF ने बक्सर सेंट्रल जेल से एक आरोपी को लिया रिमांड पर
जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर STF टीम गुरुवार को बक्सर सेंट्रल जेल पहुंची। वहां एक आरोपी को रिमांड पर लेकर अपने साथ कोलकाता ले गई। STF टीम के इस कार्रवाई के बाद जांच अभियान को और गति दे दी गई है। रिमांड पर लिए गए आरोपी की पहचान संजय राय के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमानियां थाना क्षेत्र के मतसा गांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल किसी अन्य मामले में बक्सर सेंट्रल जेल में बंद था।

संजय को शराब मामले में लाया गया था जेल
सूत्रों के अनुसार, करीब दस दिन पहले संजय राय को बिहार पुलिस ने राजपुर थाना क्षेत्र से शराब के साथ गिरफ्तार कर बक्सर सेंट्रल जेल लाया था। इसी दौरान पश्चिम बंगाल पुलिस को उसके खिलाफ जांच में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर उसे रिमांड पर लिया गया। फिलहाल STF उससे पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू को बारीकी से जांच कर रही है।