द फॉलोअप डेस्क
बिहार के दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार 9 जून की रात सिंहवाड़ा के लोरिका गांव में बारात पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। हमले में दूल्हा सहित सात बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना उस समय की है जब बारात लोरिका गांव पहुंची ही थी। बाराती जैसे ही गांव के नुक्कड़ पर गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर नाचते हुए पहुंचे, वहां पहले से घात में बैठे आधा दर्जन से अधिक युवकों ने अचानक उनपर हमला कर दिया। हमले के बाद बारात में हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। भागने के दौरान भी कई बाराती घायल हो गए।
घटना में अर्जुन सहनी, चंद्र किशोर सहनी सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सिंहवाड़ा CHC में भर्ती कराया गया, जहां दो लोगों को गंभीर स्थिति में दरभंगा DMCH रेफर कर दिया गया। दूल्हे के परिजनों ने बताया कि सिमरी थाना क्षेत्र के गौड़ा गांव निवासी बिरजन सहनी के बेटे ललन की शादी लोरिका गांव निवासी सत्तो सहनी की बेटी पूजा कुमारी से होनी थी। बारात सोमवार शाम गांव से धूमधाम से रवाना भी हुई थी। आरोप है कि दूल्हे के ही एक रिश्तेदार और दुल्हन के गांव के कुछ युवकों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया । मारपीट की खबर मिलते ही दुल्हन की मां रोने लगीं और शादी के लिए तैयार खड़ी दुल्हन और परिजन मायूस हो गए। तिथि और मुहूर्त को देखते हुए लोगों ने किसी तरह दूल्हे को शादी के लिए तैयार किया और मंगलवार तड़के दूल्हे को लोरिका गांव के विवाह मंडप में लाया गया। जहां लगभग एक घंटे में विवाह कराकर दुल्हन की विदाई कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिंहवाड़ा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।