द फॉलोअप डेस्क
गया जिले में एक एएसआई द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जहां रामपुर थाना परिसर में तैनात एएसआई अमरेंद्र कुमार यादव ने सोमवार को सल्फास की गोली खाकर अपनी जान दे दी। जिसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।.jpg)
मामले को लेकर रामपुर थानाध्यक्ष दिनेश बहादुर सिंह ने बताया कि एएसआई अमरेंद्र कुमार यादव ड्यूटी पर मौजूद थे। अचानक उनकी तबियत बिगड़ने लगी। जब अन्य पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की तो पता चला कि उन्होंने सल्फास खा लिया है। आनन-फानन में उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक अमरेंद्र कुमार यादव पूर्णिया जिले के बरहरा कोठी थाना क्षेत्र के औलहा गांव के निवासी बताये जा रहे हैं। पुलिस को प्राथमिक जांच में यह घरेलू कलह के कारण हुई घटना लग रही है। हालांकि अभी तक कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। थानाध्यक्ष ने कहा है कि परिजनों से पूछताछ के बाद ही सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।