द फॉलोअप डेस्क
बिहार के कटिहार जिले के सेमापुर ओपी क्षेत्र से एक दुखद नाव हादसे की खबर सामने आई है। रविवार को गंगा नदी पार करते समय एक नाव पलट गई, जिसमें 13 वर्षीय जूही कुमारी की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार अन्य सदस्य डूबते-डूबते बच गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के पांच सदस्य घास लेकर नाव से नदी पार कर घर लौट रहे थे। गंगा की तेज धाराओं के बीच नाव का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह पलट गई। नाव में सवार सभी लोग नदी में गिर गए। हादसे में जूही कुमारी की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रंजू देवी, निशु कुमारी, कोमल कुमारी और चिंटू कुमार को स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, इनमें से रंजू देवी और निशु कुमारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को कटिहार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में नाव पर क्षमता से अधिक भार और नदी की तेज धारा को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
