logo

अनंत सिंह 4 दिसंबर को पटना हाईकोर्ट में करेंगे सरेंडर, विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान

अनंत सिंह 4 दिसंबर को पटना हाईकोर्ट में करेंगे सरेंडर, विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान

द फॉलोअप डेस्क:

Anant Singh Surrender: अनंत सिंह (Anant Singh) की बेटी शिवांगी (Shivangi) की शादी 25 नवंबर को संपन्न हो चुकी है। अब मोकामा (Mokama) विधायक अनंत सिंह के सरेंडर करने की तारीख सामने आ गई है। एक मीडिया चैनल से बातचीत में अनंत सिंह ने बताया कि वह 4 दिसंबर को पटना हाईकोर्ट में सरेंडर करेंगे। उन्होंने अदालत पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि कोर्ट से न्याय मिलेगा और वह जल्द जेल से बाहर आ जाएंगे। अनंत सिंह के इस बयान के बाद उनके सरेंडर और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

बेटे के चुनाव लड़ने पर फैसला बाद में, बिहार दौरे की तैयारी

अनंत सिंह ने अपनी राजनीतिक रणनीति को लेकर भी कई अहम बातें कहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेल से बाहर आने के बाद ही आगे की योजना का खुलासा करेंगे। बेटे के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले वह अपने बेटे और क्षेत्र की जनता से राय लेंगे, उसके बाद कोई फैसला करेंगे। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि जेल से बाहर आने के बाद वह पूरे बिहार का दौरा करेंगे। वहीं, उन्होंने अपने चुनाव लड़ने को लेकर साफ कर दिया कि अब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगे।

जेडीयू में वापसी से इनकार, आनंद मोहन के मामले पर भी रखी राय

जेडीयू में वापस जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने इनकार किया। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अब भी अपना नेता और भगवान बताया। उन्होंने कहा कि उनके साथ जो कुछ हो रहा है, उसकी जानकारी नीतीश कुमार को नहीं है और वह अस्वस्थ हैं। इसके अलावा, पूर्व सांसद आनंद मोहन के सरेंडर आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि जरूरत के हिसाब से लोगों का इस्तेमाल किया जाता है। जब जरूरत थी, तब जेल से बाहर निकाला गया और अब जरूरत खत्म होने पर वापस जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने इसे सरकार बदलने की वजहों में से एक बताया। साथ ही, बेटी शिवांगी की शादी में शामिल हुए सभी मेहमानों का आभार भी जताया।

Tags - Bihar NewsBihar Latest NewsAnant Singh Surrender DateAnant Singh 4 December Surrender