द फॉलोअप डेस्क
मुजफ्फरपुर से गोलीबारी का एक मामला सामने आया है, जहां मंगलवार की शाम एक महिला टीचर की हत्या कर दी गयी। मृतका की पहचान तरौरा गांव निवासी कैलाश चौधरी की पुत्री कोमल कुमारी के रूप में की गई है। मिली जानकारी अनुसार वह देर शाम कोचिंग पढ़ाकर घर लौट रही थी। इसी दौरान कुछ अपराधियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस छानबीन में जुट गयी है।.jpeg)
मामले को लेकर मृतका का भाई आदित्य कुमार ने बताया कि मुसहरी ब्लॉक के पास से कोचिंग पढ़ाकर उसकी बहन उसके साथ बाइक से घर लौट रही थी। तभी मुसहरी के तरौरा बांधी के समीप अज्ञात अपराधियों ने उनपर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही कोमल बाइक से गिर गयी। जिसके बाद भाई आदित्य ने बाइक रोककर अपराधी को पकड़ने की कोशिश की लेकिन तब तक वे फरार हो गए। 
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची मुसहरी थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी कोमल को शहर के निजी अस्पताल पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसर गया है। वहीं पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है।