द फॉलोअप डेस्क
रोहतास जिले के सासाराम से सड़क हादसे का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां देर रात बिहार पुलिस की ट्रेनिंग से छुट्टी लेकर घर लौटे ट्रेनी सिपाही जितेंद्र शर्मा और उनके 65 वर्षीय पिता गणेश शर्मा को एक अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। जिससे मौके पर ही बाप-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर ताराचंडी के पास की बताई जा रही है। .jpg)
जानकारी के मुताबिक जितेंद्र शर्मा हाल ही में बिहार पुलिस में चयनित होकर ट्रेनी सिपाही के रूप में मुजफ्फरपुर में तैनात थे। वहीं नेपाल सीमावर्ती इलाके में उनकी ट्रेनिंग चल रही थी। इसी क्रम में सोमवार को ही छुट्टी लेकर वे अपने पैतृक गांव भानस ओपी के मचखोरा मठिया गांव पहुंचे थे। जितेंद्र अपने बुजुर्ग पिता गणेश शर्मा जो लंबे समय से बीमार चल रहे थे, उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थे। सोमवार की शाम जितेंद्र अपने पिता को लेकर डेहरी-ऑन-सोन के एक निजी क्लीनिक पहुंचे और इलाज कराने के बाद दोनों देर रात बाइक पर सवार होकर सासाराम लौट रहे थे। इसी क्रम में अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन वह बाइक को रौंदते हुए सड़क किनारे ले गया। जिससे बाप-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। 
हादसे की खबर सुनते ही मृतकों के घर में मातम छा गया। वहीं परिनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की सूचना मिलते ही धौड़ाढ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है।
रोहतास एसपी रौशन कुमार ने जानकारी दी कि "दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। ट्रक की मरम्मत और चालक की लापरवाही पर शक जताया जा रहा है। परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।"