द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव के मतदान संपन्न होने के बाद अब मतगणना की तैयारी जोरों पर है। इसी बीच रोहतास जिले के सासाराम से एक बड़ी खबर आ रही है कि मतगणना से एक दिन पहले स्ट्रांग रूम के बाहर बीती रात बुधवार को काफी हंगामा मचा है। दरअसल महागठबंधन के प्रत्याशियों को पता चला कि स्ट्रांग रूम के अंदर का सीसीटीवी कैमरा अचानक बंद हो गया है। इसके साथ ही शाम के अंधेरे में एक ट्रक बिना किसी जांच के स्ट्रांग रूम परिसर के अंदर घुस गया है। जिसके बाद महागठबंधन सहित अन्य दलों के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया।.jpeg)
जैसे ही यह खबर फैली, दिनारा के राजद प्रत्याशी राजेश यादव और सासाराम के राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठकर जोरदार नारेबाजी करनी शुरू कर दी।
आपको बता दें कि रोहतास जिले के सात विधानसभा सीटों के लिए 14 नवंबर को वोटों की गिनती जिला मुख्यालय सासाराम के तकिया बाजार स्थित बाजार समिति प्रांगण में होनी है। लेकिन इसके पहले ही यह मामला सामने आया है। 
प्रत्याशियों ने जिला प्रशासन पर EVM बदलने की साजिश के आरोप लगाये हैं। वहीं राजद प्रत्याशी राजेश यादव ने कहा, "अभी-अभी खाली ट्रक अंदर गया है, उसमें EVM है। शिकायत के बाद भी प्रशासन सुनने को तैयार नहीं। सीसीटीवी कैमरा बंद पाया गया, साफ है कि खेल हो रहा है।" वहीं सत्येंद्र साह ने कहा, "रात में स्ट्रांग रूम के बाहर ट्रक क्यों घुसा? सीसीटीवी बंद है, यह EVM बदलने की साजिश है। रोहतास की सातों सीटों पर महागठबंधन जीत रहा है, हार से घबरा कर यह सब हो रहा है।"
हंगामे के बीच रोहतास के एसपी रौशन कुमार और डीएम उदिता सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक की जांच की गई, जिसमें केवल खाली बक्से मिले हैं। डीएम उदिता सिंह ने प्रत्याशियों को समझाने की कोशिश की और कहा कि यदि कोई संदेह है तो सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जाएगी। एसडीएम आशुतोष रंजन ने करगहर के कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमार मिश्र को बताया कि ये खाली बक्से मतगणना के बाद EVM रखने के लिए मंगाए गए हैं, जो 10 नवंबर तक पहुंचने थे लेकिन काफी देरी से आए।.jpg)
वहीं हंगामा कर रहे प्रत्याशियों ने सवाल उठाया कि आखिर रात में खाली बक्सों से भरा ट्रक लाने की क्या जरूरत थी? जिस पर प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। हालांकि बक्सों की जांच प्रत्याशियों के सामने की गई और सभी खाली पाए गए, लेकिन संदेह अभी भी बना हुआ है।