द फॉलोअप डेस्क
वैशाली जिले से सड़क हादसे की एक बड़ी खबर आई है, जहां लालगंज थाना क्षेत्र के फकुली मुख्य मार्ग पर स्थित जारंग रामपुर चौक बुधवार की सुबह बालू लदे डंपर ने दो छात्राओं को कुचल दिया। मिली जानकारी के अनुसार आशी कुमारी और लक्ष्मी कुमारी साइकिल से कोचिंग पढ़ने जा रही थी। इसी क्रम में तेज रफ्तार से आ रहे बालू लदे डंपर ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। 
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्राएँ साइकिल समेत कई मीटर तक घसीटती चली गईं। घटना के वक्त एक व्यक्ति शशि भूषण प्रसाद सिंह अपने दरवाजे पर झाड़ू लगा रहे थे, जिन्होंने बताया कि अचानक तीखी रफ्तार से आता डंपर अनियंत्रित होकर बच्चियों को रौंदता चला गया। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी भी जान बचाई।.jpg)
घटना के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही बेलसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस ने मौके से डंपर को जप्त कर लिया है। वहीं फरार चालक और खलासी की तलाशी भी की जा रही है।
दोनों छात्राओं की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। आशी कुमारी को मुजफ्फरपुर और लक्ष्मी कुमारी को पटना इलाज के लिए रेफर किया गया है।