द फॉलोअप डेस्क
रोहतास के सासाराम रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ जवानों ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 बोरियों में बंद 311 जिंदा कछुए बरामद किए हैं। यह बरामदगी कालका से हावड़ा जा रही नेताजी एक्सप्रेस (12312) के जनरल कोच से की गई है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस छापेमारी में तस्कर तो मौके से फरार हो गए, लेकिन कछुओं की बड़ी खेप पकड़ ली गई।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के अनुसार, कछुओं को बेहद अमानवीय तरीके से बोरों में ठूंसकर सीट के नीचे छुपाया गया था। बरामद किए गए इन कछुओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। सासाराम स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही सघन तलाशी के दौरान लावारिस हालत में रखे इन बोरों पर सुरक्षा बलों को शक हुआ था। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई थी। .jpg)
जब्ती के बाद आरपीएफ ने तत्काल वन विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने कछुओं को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग अब इन कछुओं के संरक्षण और उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की तैयारी कर रहा है।.jpeg)
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस गिरोह के मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी हुई हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तस्करी की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें ताकि वन्यजीव तस्करी पर लगाम लगाई जा सके।