logo

नालंदा में कार-स्कॉर्पियो की टक्कर के बाद लगी आग, 5 झुलसे; 1 युवक की मौत

aagjani.jpg

द फॉलोअप डेस्क
नालंदा जिले से सड़क हादसे का एक मामला सामने आया है, जहां NH-20 के देवधा ओवरब्रिज पर बुधवार देर शाम तेज रफ्तार मारुती कार और स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मारुती कार में कुछ ही सेकंड में आग लग गई और देखते-देखते वह धू-धू कर जल गई। इस घटना में कार में सवार पांच युवक बुरी तरह झुलस गए, जिनमें एक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यह घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के देवधा गांव के पास हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार रांची से पटना जा रही मारुती कार की सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही कार में आग लगी और कुछ ही पलों में आग की लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में बैठे पाँचों युवक किसी तरह बाहर निकले, लेकिन तब तक सभी बुरी तरह झुलस चुके थे।
सभी को तुरंत वीआईएमएस पावापुरी रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय दिव्यांशु कुमार की मौत हो गई। वहीं घायलों में हरनौत निवासी सम्राट कुमार, बेगूसराय निवासी रमण कुमार, बाढ़ निवासी रिशू कुमार और अंशु कुमार शामिल हैं, जिनकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना तुरन्त स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंचे दीपनगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दीपनगर थानाध्यक्ष राजमणि ने बताया कि दोनों वाहनों को घटनास्थल से जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है। 
 

Tags - Bihar news bihar latest news bihar update bihar trending news naland news nalanda khabar road accident news