logo

जमशेदपुर में 251 नगाड़ों की थाप से गूंज उठा संवाद 2026, 15 राज्यों की जनजातीय संस्कृति का दिखा अद्भुत संगम

जमशेदपुर में 251 नगाड़ों की थाप से गूंज उठा संवाद 2026, 15 राज्यों की जनजातीय संस्कृति का दिखा अद्भुत संगम

जमशेदपुर:
Jamsedpur News:
जमशेदपुर में मांदर और नगाड़ों की गूंज, पारंपरिक वेशभूषा में थिरकते कदम, पीढ़ियों से सहेजी जा रही उपचार पद्धतियां और स्थानीय प्रकृति से जुड़ा खानपान। गोपाल मैदान में शुरू हुए टाटा स्टील फाउंडेशन के पांच दिवसीय जनजातीय सम्मेलन 'संवाद 2026' में देश की जनजातीय विरासत के विविध रंग एक साथ नजर आये। यहां जनजातीय समुदायों ने केवल अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन नहीं किया, बल्कि पारंपरिक ज्ञान, जीवनशैली और आजीविका से जुड़ी उन परंपराओं को भी सामने रखा, जो पीढ़ियों से उनकी पहचान का हिस्सा रही हैं। सम्मेलन में देश के 15 राज्यों के जनजातीय समुदायों की भागीदारी है।

जोहार हाट में 34 जनजातीय समुदायों की कला और हस्तशिल्प
आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण 'जोहार हाट' है, जहां 34 जनजातीय समुदायों के कारीगरों ने 40 तरह की कला और हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया है। इन कलाकृतियों के माध्यम से अलग-अलग समुदायों की रचनात्मकता और पारंपरिक शिल्पकला को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है। वहीं, पारंपरिक उपचार पद्धतियों की प्रदर्शनी में 17 राज्यों के 29 जनजातीय समुदायों के जानकार शामिल हुए हैं। यहां जड़ी-बूटियों, स्थानीय संसाधनों और पीढ़ियों से हस्तांतरित होते रहे उपचार संबंधी पारंपरिक ज्ञान को साझा किया जा रहा है।

100 से अधिक पारंपरिक व्यंजनों का मिलेगा स्वाद
जनजातीय खानपान भी सम्मेलन का खास आकर्षण बना हुआ है। 'आतिथ्य' के तहत 14 राज्यों के 24 जनजातीय समुदायों के 100 से अधिक पारंपरिक व्यंजन पेश किए गए हैं। इन व्यंजनों के जरिये यह समझने का अवसर मिल रहा है कि जनजातीय समुदायों का भोजन केवल स्वाद तक सीमित नहीं, बल्कि स्थानीय वन संपदा, प्राकृतिक परिवेश, उपलब्ध सामग्री और उनकी जीवनशैली से भी गहराई से जुड़ा है।

आदिवासी पहचान और आजीविका के अवसरों पर चर्चा
संवाद के पहले दिन सांस्कृतिक पहचान और बदलते समय में जनजातीय समुदायों के सामने मौजूद अवसरों पर भी चर्चा हुई। 'द सिलुएट एंड द सर्कल : डिकंस्ट्रक्टिंग आदिवासियत' सत्र में आदिवासी पहचान के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे गए, जबकि 'विजन टू वायबिलिटी' सत्र में रचनात्मक क्षमता और पारंपरिक हुनर को स्थायी आजीविका के अवसरों में बदलने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

छह प्रमुख जनजातीय समुदायों के लोकनृत्यों ने बांधा समां
सम्मेलन का सांस्कृतिक आगाज भी खास रहा। झारखंड के छह प्रमुख जनजातीय समुदायों संताल, हो, मुंडा, भूमिज, खड़िया और उरांव की पारंपरिक वेशभूषा और लोकनृत्यों ने गोपाल मैदान को जनजातीय रंगों से भर दिया। 251 पारंपरिक नगाड़ों की सामूहिक थाप ने आयोजन को विशिष्ट पहचान दी। 'कलर्स ऑफ झारखंड' के तहत प्रस्तुत लोकनृत्यों में प्रकृति, ऋतुओं, सामुदायिक जीवन और परंपराओं की झलक देखने को मिली। अरुणाचल प्रदेश के कलाकार न्योन्योक तालोम ने अपनी माटी और जनजीवन से जुड़े गीत प्रस्तुत किए, जबकि संताली गायिका कल्पना हांसदा की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

टीवी नरेंद्रन ने किया सम्मेलन का उद्घाटन
टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टीवी नरेंद्रन ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस मौके पर टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा कि संवाद जनजातीय समुदायों के ज्ञान, संस्कृति और जीवन के अनुभवों को पहचानने तथा साझा करने का मंच है। उनके अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत, समुदायों की आकांक्षाओं और उपलब्ध अवसरों के बीच सार्थक जुड़ाव स्थापित करना है।

19 नवंबर तक चलेगा संवाद 2026
15 से 19 नवंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन में अगले चार दिनों तक जनजातीय कला, हस्तशिल्प, पारंपरिक चिकित्सा, खानपान, कहानी-किस्सों, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। जोहार हाट, पारंपरिक उपचार पद्धतियों की प्रदर्शनी और आतिथ्य के स्टॉल प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से रात 9:30 बजे तक खुले रहेंगे। वहीं, गोपाल मैदान में शाम छह बजे से रात 9:30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।


 

Tags - Samvad 2026Jamshedpur NewsTata Steel FoundationTribal FestivalJohar Haat