रांचीः
हेमंत सरकार के 3 साल पूरे होने पर मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी जमकर हमला बोल रही है। झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने प्रेस कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने नियोजन नीति, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर हेमंत सरकार को पूरी तरह से फेल बताया। कहा कि हेमंत सरकार आदिवासी विरोधी है। 3 साल में इस सरकार ने केवल झारखंड को लूटा है। नियोजन नीति को लेकर दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते थे कि हर साल 5 लाख नौकरी दूंगा, बेरोजगारी भत्ता दूंगा लेकिन उस वादे का क्या हुआ। मुख्यमंत्री कहते थे कि युवाओं को नौकरी ना दे सका तो राजनीति से संन्यास ले लूंगा। अब कहां गया उनका वादा। अगर राजनीति से संन्यास वाला कथन मुख्यमंत्री भूल गए हों तो मैं उन्हें वीडियो क्लिप भेजूंगा।

झारखंड के लोग शर्मिंदा हैं
दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार ने 3 साल के कार्यकाल को लेकर केवल 34 महीने का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। सरकार क्या छुपाना चाहती है। आज द फॉलोअप से बातचीत में उन्होंने कहा कि आप केवल अखबारों में बड़े-बड़े विज्ञापन देकर अपना चेहरा सफेद नहीं कर सकते हैं। हेमंत सरकार में विधि-व्यवस्था संकट में है। 3 साल में 1 लाख 78 हजार 351 आपराधिक वारदातें हुई है। हत्या की 5,200 घटनाएं हुई हैं। अपहरण की 4,527 घटनाएं हुई हैं। बिहार की तर्ज पर झारखंड में भी अपहरण एक उद्योग लग गया है। राज्य के महिलाओं की की इज्जत के साथ खिलवाड़ की जा रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध की 5 हजार से ज्यादा वारदातें हुई हैं। आदिवासी युवती को टुकड़ों में काट दिया गया औऱ मुख्यमंत्री कहते हैं कि ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। यदि मुख्यमंत्री में न्याय दिलाने की मंशा है तो अविलंब फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन कर बेटियों को न्याय दिलाएं। झारखंड के लोग शर्मिंदा हैं। किसी दूसरे प्रदेश में जाकर खुद को झारखंडी बताने में संकोच महसूस करते हैं।

बांग्लादेशी घुसपैठ बढ़ा
आगे दीपक प्रकाश ने कहा कि संताल में बांग्लादेशी घुसपैठ बढ़ा है। घुसपैठिये आदिवासियों की हर चीज को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मंत्री और विधायक बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देते हैं। अपना वोट बैंक बनाए रखने के लिए हेमंत सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। उन्हें गरीबों की हाय लगेगी। आयुष्मान योजना का नाम बदल दिया गया। केंद्र की योजनाओं पर ढंग से काम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि सीएम को किस बात का अपराधबोध है। यह सरकार महिला, आदिवासी और पिछड़ो की विरोधी है।