logo

पाकुड़ के लेग स्पिनर प्रियांशु का झारखंड अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ चयन, जानिए सफलता की कहानी

पाकुड़ के लेग स्पिनर प्रियांशु का झारखंड अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ चयन, जानिए सफलता की कहानी

पाकुड़ : 
Pakur News:
पाकुड़ के युवा क्रिकेटर प्रियांशु कुमार ने जिले का नाम रोशन किया है। रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम से एक और खुशखबरी सामने आई है। पाकुड़ स्पोर्ट्स अकादमी के लेग स्पिनर प्रियांशु कुमार का झारखंड अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। उनके चयन की खबर मिलते ही जिले और अकादमी में खुशी का माहौल है। प्रियांशु पिछले 3 सालों से लगातार पाकुड़ स्पोर्ट्स अकादमी में कोच रणवीर सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे थे। उनके चयन की खबर मिलते ही कोच रणवीर सिंह ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पाकुड़ जैसे छोटे शहर से किसी खिलाड़ी का झारखंड अंडर-19 टीम तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है। यह पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है। प्रियांशु के चयन से अकादमी के खिलाड़ियों में भी काफी उत्साह है और उन्हें देखकर दूसरे खिलाड़ियों में भी आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।

मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने दिलाई सफलता
कोच रणवीर सिंह ने प्रियांशु की मेहनत और लगन की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि प्रियांशु हमेशा एक लक्ष्य को लेकर खेलते थे और अभ्यास के दौरान काफी मेहनत करते थे। कोच ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह एक दिन इंडियन टीम में खेलेंगे। प्रियांशु के साथ खेलने वाले साथी खिलाड़ियों ने भी उनकी जमकर तारीफ की। खिलाड़ियों के अनुसार, प्रियांशु काफी मेहनती और शांत स्वभाव के हैं। वह सुबह-शाम सही समय पर अभ्यास के लिए आते थे। किसी मैच में हारने पर वह गुस्सा नहीं करते थे, बल्कि साथियों को हिम्मत देते थे और आगे की तैयारी कर दोबारा जीत हासिल करने की बात कहते थे।

साधारण परिवार से आते हैं प्रियांशु
प्रियांशु कुमार एक साधारण परिवार से आते हैं। उनका घर पाकुड़ के तलवाडांगा में स्थित है। उनके पिता पूर्ण कुमार शाह एक्स आर्मी मैन हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर झारखंड अंडर-19 टीम तक पहुंचने का उनका सफर मेहनत, अनुशासन और कोच के मार्गदर्शन का परिणाम है। पाकुड़ जैसे छोटे शहर से निकलकर झारखंड टीम में जगह बनाना प्रियांशु के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उनके चयन से जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिली है। अब पूरे जिले की नजरें झारखंड अंडर-19 टीम में उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं और लोग उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

Tags - Pakur CricketPriyanshu KumarJharkhand CricketUnder 19 CricketYoung Cricketer