logo

वैभव अभी सचिन-द्रविड़ और सहवाग के पैरों की धूल बराबर भी नहीं, पिता ने क्यों कहा ऐसा!

a1725.jpg

द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:

वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी का एक बयान सोशल मीडिया में खूब वायरल है। संजीव एक इंटरव्यू में कहते नजर आ रहे हैं कि वैभव अभी सचिन, डॉन ब्रेडमैन, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह और राहुल द्रविड़ जैसे खिलाड़ियों के पैरों की धूल बराबर भी नहीं है। उन्होंने कहा कि सचिव, सहवाग, युवराज और राहुल द्रविड़ महान खिलाड़ी हैं। इन्होंने देश के लिए बहुत कुछ किया है और वैभव सूर्यवंशी की तो अभी शुरुआत है। उसे अभी देश के लिए खेलना है और बहुत कुछ करना है।

संजीव सूर्यवंशी कहते है कि हम सबकी इच्छा है कि वैभव भारतीय टीम के लिए लंबे समय तक खेलें, खूब रन बनाएं और टीम  को जीत दिलाएं। उन्होंने कहा कि अभी वैभव सूर्यवंशी की तुलना, सचिन, सहवाग, राहुल द्रविड़ और युवराज सिंह जैसे खिलाड़ियों से करना ठीक नहीं है। 

टी20 के तीनों स्क्वॉयड में मिली जगह
गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज के अलावा एशियन गेम्स के लिए भी टीम इंडिया के टी20 स्क्वायड का हिस्सा बनाया गया है। इसके साथ ही वैभव सूर्यंवंशी टीम इंडिया के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने महज 15 साल 2 महीने की उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाकर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा है। वैभव सूर्यवंशी बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और अपनी पॉवर हीटिंग के लिए जाने जाते हैं। आईपीएल 2025 में महज 14 साल की उम्र में डेब्यू करके भी उन्होंने नया रिकॉर्ड बना दिया था। उन्होंने आईपीएल करियर के पहले ही मैच में शार्दुल ठाकुर की गेंद पर छक्का लगाया था।

आईपीएल 2026 में अच्छे प्रदर्शन का इनाम
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने कई रिकॉर्ड तोड़े। उन्होंने क्रिस गेल के एक सीजन में लगाए 59 छक्कों के रिकॉर्ड को 72 छक्का लगाकर तोड़ा। आईपीएल में सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड भी वैभव सूर्यवंशी के नाम है। उन्होंने पूरे सीजन में 16 मुकाबले खेलकर 237.30 के स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन बनाए। उन्होंने ऑरेंज कैप के अलावा सुपर सिक्सेज ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और द इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन का खिताब जीता। इसी प्रदर्शन का इनाम टीम इंडिया में चयन के रूप में मिला है। 
 

Tags - Vaibhav SuryawanshiSanjeev SuryawanshiSachin TendulkarCricketSports