द फॉलोअप डेस्क, रांची:
झारखंड (Jharkhand) के कोडरमा (Koderma) की लड़की ने दिल्ली में खुद को आग लगाकर (Self Immolation) जान दे दी। मृतका शाहदरा जिले के कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में 12वीं की छात्रा थी। मृतका की पहचान 17 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक लक्ष्मी ने स्कूल परिसर में ही अपने शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। छात्रा के पास 3 पेज का सुसाइड नोट मिला है। पुलिस के मुताबिक छात्रा ने सुसाइड नोट में अभिभावकों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाने की बात लिखी है। छात्रा, कृष्णानगर के घोंडली में किराए के मकान में भाई-भाभी और 3 बहनों के साथ रहती थी।
आरंभिक जानकारी के मुताबिक शनिवार को कक्षाएं सामान्य रूप से संचालित थी। इसी बीच छात्रा पानी पीने का बोलकर क्लास पास लेकर क्लासरूम से निकली। वह गार्ड रूम और पंप हाउस के पीछे गई और बोतल से शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा लिया। गौरतलब है कि सुसाइड नोट में मृतका ने एक लड़के का जिक्र किया है, इसलिए पुलिस प्रेम-प्रसंग के एंगल से भी मामले की जांच में जुटी है।

छात्रा की मौत से परिजनों में कोहराम
मृतका की बहन ने बताया कि उन्होंने शनिवार की सुबह को लक्ष्मी को कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय के गेट पर छोड़ा था। वह हंसती-मुस्कुराती स्कूल में गई थी। छात्रा की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने छात्रा के तनाव में होने की जानकारी होने से इनकार किया है।

स्कूल ने कहा कि कुछ बड़ा हो गया है
गौरतलब है कि मूलरूप से कोडरमा की रहने वाली 17 वर्षीय लक्ष्मी कृष्णानगर के घोंडली में अपनी बहन और भाभी के साथ रहती थी। परिवार में पिता-माता के अलावा 3 भाई, एक बहन व भाभी हैं। रोज की तरह शनिवार को भी परिवार को उसके स्कूल से लौटने का इंतजार था। मृतका की भाभी ने रोते हुए बताया कि उन्हें स्कूल से किसी ने फोन करके सीधी जानकारी नहीं दी थी। दोपहर 12:40 बजे बहन के पास स्कूल से फोन आया, जिसमें सिर्फ इतना कहा गया कि 'कुछ बड़ा हो गया है।' उधर, दोपहर एक बजे जब लक्ष्मी बाहर नहीं निकली तो भाभी खुद उसे ढूंढते हुए स्कूल के गेट पर पहुंचीं।