logo

खेलगांव रांची में 16 नवंबर से होगी राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता, 2500 स्टूडेंट्स लेंगे हिस्सा

BAND.jpeg

रांची  

रांची के खेलगांव में 16 नवंबर से दो दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर विद्यालय बैंड प्रतियोगिता का आयोजन होगा। ये आयोजन बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, होटवार, खेलगांव में होगा। इसमें झारखंड के 24 जिलों से कुल 2500 प्रतिभागी भाग लेंगे। इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। झारखंड के स्कूली एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से ये जानकारी साझा की गयी है।

विजेता छात्र करेंगे नेशनल लेवल पर भागीदारी  

झारखंड शिक्षा परियोजना के कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए सोरेंग ने इस बाबत बताया कि विजेता खिलाड़ियों को 25 दिन का कैंप और उसके बाद नेशनल में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए शिक्षा परियोजना द्वारा कमेटी का गठन कर दिया गया है। इसमें शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद कोषांग के सदस्य एवं शारीरिक शिक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है।

एकता और अनुशासन की भावना का विकास 

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में खेल को बढ़ावा को दिया जा रहा है। इसके लिए सीएम हेमंत सोरेन लगातार प्रयास कर रहे हैं। हमारे खिलाड़ियों ने वैश्विक स्तर पर झारखंड का नाम रौशन किया है। कहा कि बैंड प्रतियोगिता को इसी परिप्रेक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इसके जरिये छात्रों का बहुआयामी व्यक्तित्व विकसित होता है। बैंड प्रतियोगिता से जहां छात्र अपनी कलात्मक रुचियों को बढ़ा सकते हैं, वहीं इससे अनुशासन और एकता की भावना विकसित होती है।