logo

रांची में राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का आगाज, 21 सितंबर तक चलेगा मुकाबला

रांची में राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का आगाज, 21 सितंबर तक चलेगा मुकाबला

रांची 
आज, शनिवार को राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता 2026-27 का आगाज मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी एवं सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बरियातू में हुआ। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता  21 सितंबर तक चलेगी। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि किरण कुमारी पासी, निदेशक, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार रहीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में  शिवेन्द्र नाथ दूबे, कोषाध्यक्ष, झारखंड ओलंपिक संघ,  रजनीश कुमार, सीईओ, हॉकी झारखंड एवं  माइकल लाल, एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट, हॉकी झारखंड उपस्थित रहे। समारोह में अतिथियों द्वारा पूर्व खेल मंत्री स्वर्गीय सुद्विय कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। वही राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर स्वागत किया। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।

स्कूली बैंड की मनमोहक प्रस्तुति के बीच शुरुआत

वहीं, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कांके की स्कूली बैंड की मनमोहक प्रस्तुति के बीच विभिन्न जिलों की टीमों ने मार्च पास्ट किया। इस अवसर पर  सब जूनियर एशियन हॉकी खिलाड़ी नीलम टोपनो ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि किरण कुमारी पासी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “आज इस मैदान पर केवल हॉकी नहीं, बल्कि सपने, संकल्प और भविष्य भी उतरने वाले हैं। आज इस मैदान पर खेलने वाला कोई खिलाड़ी कल झारखंड और भारत का नाम रोशन कर सकता है। 
वहीं, अपने स्वागत संबोधन में राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी  धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि झारखंड की हॉकी की अपनी गौरवशाली परंपरा रही है। राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, उसे निखारने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं।

पहले दिन तीन वर्गों में हुए रोमांचक मुकाबले

प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालिका एवं अंडर-17 बालक वर्ग में मुकाबले खेले गए।

अंडर-15 बालक वर्ग के मुकाबले मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी में हुए, जिसमें लोहरदगा ने पश्चिमी सिंहभूम को 3-2, रामगढ़ ने धनबाद को 1-0, चतरा ने पूर्वी सिंहभूम को 3-0 तथा सरायकेला ने लातेहार को 1-0 से पराजित किया।

अंडर-17 बालिका वर्ग में पश्चिमी सिंहभूम ने धनबाद को 10-0, खूंटी ने लातेहार को 13-0 तथा लोहरदगा ने चतरा को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। हजारीबाग ने गुमला को 4-0 से पराजित किया।

वहीं, अंडर-17 बालक वर्ग के मुकाबले सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बरियातू में खेले गए। धनबाद ने रामगढ़ को 1-0, लातेहार ने हजारीबाग को 1-0, पश्चिमी सिंहभूम ने जामताड़ा को 1-0, रांची ने लोहरदगा को 2-0, गुमला ने पूर्वी सिंहभूम को 7-0 तथा सरायकेला ने चतरा को 1-0 से पराजित   कर अगले चक्र में प्रवेश किया।

Tags -  Jawaharlal Nehru Hockey Competition Ranchi Hockey Jharkhand Education Project Hockey Jharkhand Morabadi Hockey Stadium