logo

रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबला आज, 3 बजे से दर्शकों को मिलेगा प्रवेश; जानिए किस गेट से मिलेगी एंट्री

रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबला आज, 3 बजे से दर्शकों को मिलेगा प्रवेश; जानिए किस गेट से मिलेगी एंट्री

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज खेला जाएगा। मैच को लेकर राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। स्टेडियम में दर्शकों को दोपहर 3 बजे से प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे अपने टिकट पर दर्ज गेट नंबर के अनुसार निर्धारित रास्ते से ही स्टेडियम पहुंचें। किसी भी वाहन को सीधे स्टेडियम के प्रवेश द्वार तक जाने की अनुमति नहीं होगी। दर्शकों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने होंगे। इसके बाद स्टेडियम तक पहुंचने के लिए लगभग 300 मीटर की दूरी पैदल तय करनी होगी। स्टेडियम के आसपास जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और रास्तों की जानकारी देने के लिए दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मियों को पार्किंग स्थलों और प्रमुख चौराहों पर तैनात किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टिकट पर दर्ज गेट के अलावा किसी दूसरे गेट से प्रवेश नहीं मिलेगा।


सुबह 6 बजे से रूट डायवर्जन, भारी वाहनों पर भी रोक
मैच के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार सुबह 6 बजे से मुकाबला समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। सुजाता चौक, स्मार्ट बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, एजी मोड़, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, कडरू ब्रिज और अरगोड़ा चौक सहित कई इलाकों में ऑटो, टोटो, सवारी वाहनों और मालवाहक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, भारी वाहनों की नो एंट्री सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक प्रभावी रहेगी। मुकाबले को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 518 पुलिस पदाधिकारियों और 1,200 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। एडीजी खुद पूरी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा को स्टेडियम के अंदर और बाहर दो हिस्सों में बांटा गया है, ताकि दर्शकों की जांच, भीड़ नियंत्रण और वीआईपी मूवमेंट पर नजर रखी जा सके।


साउथ और साउथ-ईस्ट गेट के दर्शकों के लिए पार्किंग
स्टेडियम के अंदर स्टैंड्स, पवेलियन और संवेदनशील गैलरी में 335 पुलिस पदाधिकारियों के साथ 850 जवान तैनात रहेंगे। वहीं, बाहरी परिसर, पार्किंग स्थलों, चेकिंग बैरिकेड्स और प्रमुख चौराहों पर 183 पुलिस पदाधिकारियों के साथ 350 जवानों की तैनाती की गई है। महिला दर्शकों की सुरक्षा और तलाशी के लिए 400 महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया है।अरगोड़ा की ओर से आने वाले साउथ और साउथ-ईस्ट गेट के दर्शकों को धुर्वा गोलचक्कर से दाहिनी ओर मुड़कर प्रभात तारा मैदान पहुंचना होगा। यहां मुख्य पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मैदान भर जाने पर डीएवी स्कूल, जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम, संत थॉमस स्कूल और शाखा मैदान में वाहन खड़े कराए जाएंगे। इन स्थानों से दर्शकों को पैदल स्टेडियम पहुंचना होगा।


वेस्ट गेट के लिए सखुआ मैदान में होगी पार्किंग
वेस्ट गेट से प्रवेश करने वाले दर्शकों को अरगोड़ा की ओर से धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक और धुर्वा बस स्टैंड होते हुए सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के सामने स्थित सखुआ मैदान पहुंचना होगा। सखुआ मैदान भर जाने की स्थिति में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां वाहन खड़ा करने के बाद दर्शकों को लगभग 300 मीटर पैदल चलना होगा। नया सराय की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए हाईकोर्ट हेलिपैड ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां वाहन खड़ा करने के बाद दर्शक लगभग 300 मीटर पैदल चलकर नॉर्थ गेट पहुंच सकेंगे। प्रवेश से पहले टिकट की जांच की जाएगी। इस गेट पर केवल उसी गेट का टिकट मान्य होगा, दूसरे गेट के टिकट पर प्रवेश नहीं मिलेगा।

वीआईपी वाहनों के लिए अलग रास्ता निर्धारित
वीआईपी और बीवीआईपी पास वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग तय किया गया है। ऐसे वाहन शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल होते हुए नॉर्थ गेट के पास निर्धारित विशेष पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे। इस मार्ग पर आम वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने दर्शकों से निर्धारित रूट का पालन करने और समय से पहले स्टेडियम पहुंचने की अपील की है, ताकि प्रवेश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

Tags - India West Indies Ranchi Cricket Match JSCA Stadium Ranchi Traffic Jharkhand News