द फॉलोअप डेस्क
भारतीय तीरंदाजी संघ (Archery Association of India) के अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री (Former Chief Minister of Jharkhand) अर्जुन मुंडा (Arjun Munda) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) द्वारा उनकी माताजी के स्वास्थ्य के बारे में आत्मीयता से पूछने पर आभार व्यक्त किया। मुंडा आज नई दिल्ली (New Delhi) स्थित इंदिरा गांधी खेल परिसर (Indira Gandhi Sports Complex) के केडी जाधव हॉल (KD Jadhav Hall) में एशियाई पैरा खेल 2026 (Asian Para Games 2026) में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों (Indian Athletes) के साथ प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम (Interaction Programme) में शामिल हुए थे। मुंडा ने कहा, “कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने मेरी मां के स्वास्थ्य के बारे में पूछा और उनका हालचाल जाना। उनका यह व्यक्तिगत स्नेह और संवेदनशीलता मेरे लिए अत्यंत भावुक एवं अविस्मरणीय क्षण रहा। इस आत्मीयता के लिए मैं प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

कुल 114 पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के साथ व्यक्तिगत और पारिवारिक सरोकारों के प्रति प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता उनके सहृदय व्यक्तित्व को दर्शाती है। भारतीय पैरा-खिलाड़ियों को बधाई देते हुए मुंडा ने कहा कि एशियाई पैरा खेल 2026 में भारत ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य सहित कुल 114 पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों द्वारा बनाए गए 5 नए विश्व रिकॉर्ड और 9 एशियाई रिकॉर्ड उनके अदम्य साहस, कठिन परिश्रम और समर्पण का प्रमाण हैं।

तीरंदाजों के प्रदर्शन पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की
भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने तीरंदाजों के प्रदर्शन पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारतीय तीरंदाजी टीम ने 3 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। एशियाई पैरा खेलों के किसी एक संस्करण में तीरंदाजी में भारत का यह अब तक का सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीतने का रिकॉर्ड है। यह सफलता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी दल के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। मुंडा ने भारतीय दल की महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी सराहा। उन्होंने कहा कि दल में शामिल 56 महिला खिलाड़ियों में से 34 का पदक जीतना देश की बेटियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का प्रेरक उदाहरण है।

पैरा-खेलों को प्रोत्साहित करने का संकल्प और मजबूत हुआ
उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से देश में पैरा-खेलों को प्रोत्साहित करने का संकल्प और मजबूत हुआ है। बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक सुविधाएँ और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराकर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सफलता की नई बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। मुंडा ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी सदस्यों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
