logo

धौनी ने IPL से संन्यास लिया, अब नई भूमिका में दिखेंगे

धौनी ने IPL से संन्यास लिया, अब नई भूमिका में दिखेंगे

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी अब आईपीएल में बतौर खिलाड़ी मैदान पर नजर नहीं आएंगे। उन्होंने आईपीएल के अपने खेल करियर को विराम देते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ नई भूमिका में जुड़ने का फैसला किया है। आईपीएल 2027 से धोनी टीम के मेंटर की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस फैसले के साथ ही चेन्नई की टीम में उनका योगदान अब खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने और अगली पीढ़ी को तैयार करने के रूप में जारी रहेगा। फ्रेंचाइजी ने भी साफ किया है कि धोनी का रिश्ता CSK के साथ आगे भी बना रहेगा। 

एन श्रीनिवासन बोले- धोनी के बिना CSK की पहचान अधूरी
चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने धोनी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्हें 2008 में टीम से जोड़ना उनके सबसे अच्छे फैसलों में से एक था। उन्होंने भरोसा जताया कि धोनी हमेशा फ्रेंचाइजी की पहचान का अहम हिस्सा बने रहेंगे और चेन्नई उनका घर रहेगा। वहीं, रूपा गुरुनाथ ने धोनी को CSK की नींव रखने वाला खिलाड़ी बताते हुए कहा कि मेंटर के तौर पर वह युवा खिलाड़ियों को अपना अनुभव और मार्गदर्शन देंगे। टीम प्रबंधन का मानना है कि धोनी की मौजूदगी से नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को काफी कुछ सीखने का अवसर मिलेगा।


पांच IPL खिताब और दो चैंपियंस लीग ट्रॉफी दिला चुके हैं धोनी
धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा टीम ने दो चैंपियंस लीग टी-20 ट्रॉफियां भी जीतीं। धोनी ने केवल मैदान पर अपने प्रदर्शन और कप्तानी से ही नहीं, बल्कि चेन्नई के लोगों के साथ अपने जुड़ाव से भी खास पहचान बनाई। CSK के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने कहा कि धोनी ने चेन्नई को अपना घर बनाया और शहर के लोगों ने भी उन्हें अपने परिवार का हिस्सा माना। उन्होंने कहा कि मैदान पर धोनी को पीली जर्सी में देखने की कमी जरूर खलेगी, लेकिन खिलाड़ियों को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। इस तरह IPL में खिलाड़ी के तौर पर उनकी पारी समाप्त होने के बाद भी CSK के साथ उनका रिश्ता जारी रहेगा।

Tags - MS Dhoni IPL 2027 Chennai Super Kings Cricket News CSK Mentor