द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, रांची में आयोजित दूसरी साउथ एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2026 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में भारतीय महिला एवं पुरुष दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर दक्षिण एशिया में अपनी श्रेष्ठता साबित की।

महिलाओं ने बांग्लादेश को हराया
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को सीधे 2 सेटों में 25–23 एवं 25–14 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। भारतीय महिला खिलाड़ियों ने पूरे मैच में शानदार तालमेल, आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को वापसी का कोई अवसर नहीं दिया।
पुरुषों ने श्रीलंका को दी करारी मात
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच बेहद रोमांचक रहा। तीन सेटों तक चले इस संघर्षपूर्ण मुकाबले में भारत ने पहला सेट 25–23 से जीता। दूसरे सेट में श्रीलंका ने 25–23 से जीत दर्ज कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद निर्णायक तीसरे सेट में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 25–16 से जीत हासिल की और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में भारत विजेता, श्रीलंका उपविजेता तथा बांग्लादेश तृतीय स्थान पर रहा। वहीं महिला वर्ग में भारत ने स्वर्ण पदक, बांग्लादेश ने रजत पदक तथा नेपाल ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

खिलाड़ियों से मिले जयराम महतो
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि विधायक जयराम महतो तथा विशिष्ट अतिथि झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। जयराम महतो ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न देशों के बीच भाईचारा, सद्भावना और मैत्रीपूर्ण संबंधों को सुदृढ़ करने का सशक्त मंच है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अजयनाथ शाहदेव ने की आयोजन की सराहना
विशिष्ट अतिथि अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि रांची में सफलतापूर्वक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता ने झारखंड को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने आयोजन समिति, तकनीकी अधिकारियों, खिलाड़ियों एवं स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
2 दिवसीय टूर्नामेंट में 5 टीमें थीं शामिल
2 दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल और भूटान की टीमों ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने उच्चस्तरीय खेल कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं दर्शकों ने भी उत्साहपूर्वक खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।