द फॉलोअप डेस्क:
U-19 क्रिकेट के दिनों में विराट कोहली के साथी रहे अमनप्रीत सिंह गिल का निधन हो गया। पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने दिवंगत खिलाड़ी को श्रद्धांजलि दी है। गौरतलब है कि पंजाब के रहने वाले अमनप्रीत सिंह गिल, मौजूदा भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली के टीममेट रह चुके हैं। उन्होंने 2009 और 2010 में घरेलु क्रिकेट में पंजाब के अलावा इंडियन प्रीमियर लीग में किंग्स 11 पंजाब का प्रतिनिधित्व किया। युवा क्रिकेटर के आकस्मिक निधन से क्रिकेट जगह में शोक की लहर है। उनके साथी खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशासकों ने श्रद्धांजलि व्यक्त की है।

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने ऐसे किया याद
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने दिवंगत अमनप्रीत सिंह गिल को श्रद्धांजलि देते हुए याद किया कि कैसे U-19 क्रिकेट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करके उन्होंने पूरे पंजाब को गौरवान्वित किया। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने साथ ही याद किया कि उन्होंने लंबे समय तक पंजाब क्रिकेट के अलावा किंग्स 11 पंजाब जैसी टीम के लिए क्रिकेट खेला। एसोसिएशन ने कहा कि क्रिकेट के प्रति अमनप्रीत सिंह गिल का जुनून अद्वितीय था। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने अमनप्रीत सिंह गिल के परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें इस मुश्किल समय को सहन करने की शक्ति दें। अमनप्रीत सिंह गिल का अंतिम संस्कार चंडीगढ़ में किया जाएगा।

अमनप्रीत सिंह गिल क्रिकेट के प्रति जुनूनी थे
अमनप्रीत सिंह गिल को करीब से जानने वाले बताते हैं कि दाएं हाथ के बल्लेबाज और मध्यम गति के तेज गेंदबाज वह खिलाड़ी अपने खेल के प्रति काफी जुनूनी था। उन्होंने पंजाब के लिए घरेलु क्रिकेट में खेलने के अलावा जूनियर लेवल पर इंडिया टीम को भी रिप्रजेंट किया। अमनप्रीत सिंह गिल जरूर सीनियर टीम इंडिया में जगह नहीं बना सके, लेकिन उन्होंने अपनी योग्यता और क्षमता से पंजाब क्रिकेट में युवा खिलाड़ियों को तराशना जारी रखा। वह पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन में सीनियर सिलेक्शन कमिटी के सदस्य भी रहे।