रांची
मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित हीरो हॉकी इंडिया लीग (मेंस) 2025-26 के प्रथम मैच का उद्घाटन विधायक कल्पना सोरेन ने किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी मौजूद रहे और उन्होंने रोमांचक मुकाबले का आनंद लेते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन मैच को देखने के लिए राज्यभर से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी स्टेडियम पहुंचे। यह भीड़ झारखंड में हॉकी के प्रति बढ़ते जुनून और खेल संस्कृति की मजबूती को दर्शाती है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हीरो हॉकी इंडिया लीग जैसे प्रतिष्ठित आयोजन से झारखंड में हॉकी को नई पहचान मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और झारखंड में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि राज्य के खिलाड़ी ओलंपिक सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
विधायक कल्पना सोरेन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन राज्य की खेल संस्कृति को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत संरचनाओं के विकास, स्टेडियमों के आधुनिकीकरण और प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना पर लगातार काम कर रही है। यह आयोजन राज्य की खेल नीति की दिशा में एक अहम कदम है।
