logo

चंद्रयान-3 की सफलता : 23 अगस्त ‘नेशनल स्पेस डे’ घोषित, चांद पर जिस जगह उतरा लैंडर, उसका नाम होगा ‘शिव-शक्ति प्वॉइंट’, PM मोदी ने की घोषणा

modi20.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भारत अब हर साल 23 अगस्त को ‘नेशनल स्पेस डे’ मनायेगा। चंद्रयान-3 का लैंडर ‘विक्रम’ चांद पर जिस जगह उतरा, उस जगह को अब ‘शिव-शक्ति प्वॉइंट’ के नाम से जाना जायेगा। वहीं, चांद पर जहां चंद्रयान-2 के पदचिह्न हैं, उस जगह को ‘तिरंगा’ के नाम से जाना जायेगा।


ये तीन घोषणाएं आज सुबह-सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो के कमांड सेंटर में की। मोदी आज सुबह 7:30 बजे कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क (आईएसटीआरएसी) के मिशन संचालन सेंटर पर पहुंचे। वहां इसरो चीफ एस सोमनाथ ने पीएम मोदी को बुके देकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने तुरंत एस सोमनाथ को गले से लगा लिया और उनकी पीठ थपथपायी। उसके बाद पीएम मोदी चंद्रयान-3 की टीम में शामिल वैज्ञानिकों से मिले और पूरी टीम को चंद्रयान-3 मिशन की कामयाबी की मुबारकबाद दी।


मैं आपकी मेहनत, लगन और जज्बे को सैल्यूट करता हूं

चंद्रयान-3 के वैज्ञानिकों से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने करीब 45 मिनट तक भाषण दिया। कहा, “मैं आपलोगों को सैल्यूट करना चाहता था। आपके परिश्रम को सैल्यूट, आपकी लगन को सैल्यूट, आपके धैर्य को सैल्यूट, आपकी जवटता को सैल्यूट, आपके जज्बे को सैल्यूट।” उन्होंने कहा, “मैं दक्षिण अफ्रीका में था। उसके बाद ग्रीस चला गया। लेकिन, मेरा मन पूरी तरह आपके साथ ही लगा रहा। मन कर रहा था कि आपको नमन करूं। भारत आते ही मैं फौरन आपके दर्शन करना चाहता था।”

हम वहां पहुंचे, जहां कोई नहीं पहुंचा था
अपने भाषण में पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों से कहा, “आज हम वहां पहुंच गये हैं, जहां कोई नहीं पहुंच सका था। आज का भारत जुझारू है, निर्भीक है, नयी सोच रखता है, नये ढंग से सोचता है। भारत ने डार्क जोन में जाकर भी पूरी दुनिया में रोशनी फैला दी है। मेरे देश के वैज्ञानिकों ने यह सब मुमकिन किया है। मैं आप वैज्ञानिकों की जितनी सराहना करूं, उतनी कम है।”

भारत ने दुनिया को वह दिखाया, जो धरती के लाखों साल के इतिहास में किसी ने नहीं देखा था
पीएम मोद ने कहा, “हमारा प्रज्ञान चांदपर अपने कदमों के निशान छोड़ रहा है। इसकी तस्वीर मैंने भी देखी। दुनिया ने देखी। धरती के लाखों वर्षों के इतिहास में पहली बार मानव उस जगह की तस्वीर देख रहा है। और, यह तस्वीर भारत ने दुनिया को दिखायी है।”


हमारी महिला वैज्ञानिकों ने बड़ी भूमिका निभायी
पीएम मोदी ने अपने भाषण में चंद्रयान-3 की टीम में शामिल महिला वैज्ञानिकों की भी सराहना की। कहा, “हमारी महिला वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 में बड़ी भूमिका निभायी है। चांद का शिव-शक्ति प्वॉइंट भारत की इस वैज्ञानिक शक्ति का सदियों तक गवाह बनेगा। यह शिव-शक्ति प्वॉइंट पीढ़ियों तक प्रेरणा देता रहेगा। हमें विज्ञान का इस्तेमाल मानवता के कल्याण के लिए ही करना है, यह हमारा सबसे बड़ा कमिटमेंट है।

इसे भी पढ़ें- ट्रेन के डिब्बे में लगी भीषण आग, 8 लोगों की दर्दनाक मौत
अनंत आकाश में अनंत संभावनाएं हैं
अपने भाषण में पीएम मोदी ने भारत की स्पेस इंडस्ट्री पर भी बात की। उन्होंने कहा, “अनंत आकाश में अनंत संभावनाएं हैं। भारत की स्पेस इंडस्ट्री अगले कुछ सालों में एक बिलियन डॉलर से 16 बिलियन डॉलर वाली बन जायेगी। पिछले चार सालों में स्पेस सेंटर के स्टार्टअप की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। यह संख्या चार से बढ़कर अब 150 हो चुकी है।” उन्होंने बताया कि सरकार एक सितंबर से चंद्रयान को लेकर प्रतियोगिता शुरू करने जा रही है।

आसमान से लेकर समंदर तक बहुत कुछ है, रिसर्च करें युवा
अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने देश के युवाओं से दो अपील की। उन्होंने कहा कि पुरानी खगोलीय गणनाओं को देश के युवा वैज्ञानिक तौर पर साबित करें। भारत के पास विज्ञान के ज्ञान का जो खजाना है, उसे खंगालें। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपील करते हुए कहा, “आसमान से लेकर समंदर तक करने के लिए बहुत कुछ है। युवा उस पर रिसर्च करें। नयी जेनरेशन के कंप्यूटर बनायें।”

इसे भी पढ़ें- बाबूलाल मरांडी ने की जमीन की हेराफेरी, वह बतायें कौन हैं रमिया मरांडी और लालिमा तिवारी, ED इनकी भी जांच करे : झामुमो

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N