logo

गढ़वा : मिथिलेश ठाकुर के आवास पर धूमधाम से मनाया गया छठ, बोले- एकता का संदेश देता है महापर्व

मिथिलेश ठाकुर के आवास पर धूमधाम से मनाया गया छठ, बोले- एकता का संदेश देता है महापर्व

गढ़वा:
Garhwa News:
लोक आस्था, शुद्धता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ गढ़वा सहित पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर भी छठ महापर्व का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक वातावरण के बीच उनकी भाभी अमित ठाकुर ने 18 सूपों के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आयोजन में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने छठी मईया और भगवान सूर्य की आराधना कर लोककल्याण की मंगलकामना की।

छठ महापर्व सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक : मिथिलेश ठाकुर
मौके पर पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का अनुपम संदेश देने वाला महापर्व है। यह पर्व हमें निरोगी काया, परिवार में सुख-शांति और समृद्धि के साथ-साथ पूरे समाज को एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें जाति, धर्म, वर्ग और ऊंच-नीच का कोई भेदभाव नहीं रहता। सभी लोग सामाजिक बंधनों से ऊपर उठकर एक साथ छठी मईया और भगवान भास्कर की आराधना करते हैं। यही हमारी सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत की असली पहचान है।

स्वच्छता, शुद्धता और अनुशासन का भी देता है संदेश
मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि छठ महापर्व स्वच्छता, शुद्धता, अनुशासन, संयम और आत्मशुद्धि का भी संदेश देता है। इस पर्व में स्वच्छता का विशेष महत्व है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में स्वच्छता और पवित्रता अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का प्रयास करने वालों को छठी मईया सद्बुद्धि दें। भारतवर्ष की पहचान विविधताओं में एकता है और हमारी यह गौरवशाली परंपरा सदैव अक्षुण्ण बनी रहनी चाहिए।

देश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना
पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने छठी मईया एवं भगवान भास्कर से गढ़वा, झारखंड सहित पूरे देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। इस अवसर पर परिवार के सभी सदस्य अमरनाथ ठाकुर, सुनयना ज्योति ठाकुर, रणजीत ठाकुर, अमिता ठाकुर, मिथिलेश ठाकुर, चंचल छाया, विनय ठाकुर, रोज़ी ठाकुर, अमितेष, रितेश, अभिलाष, तुषार, अक्षत, आरव, ख़ुशी, स्नेहा, रीता, सौम्या, दृष्टि सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Tags - Garhwa Mithilesh Kumar Thakur Chhath Puja Jharkhand News JMM Religion Festival