द फॉलोअप टीम, धनबाद : सुदामडीह थाना क्षेत्र के भौंरा इलाके में 18 साल की लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि लड़की को उसके पिता ने मोबाइल पर बात करने से मना किया था। इसके बाद उसने कमरे में पहुंचकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। आधे घंटे बाद घरवालों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ऊपर से छत हटाकर देखा गया तो लड़की दुपट्टे के सहारे फंदे से झूल रही थी। बुधवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पिता ने मना किया, तो मोबाइल फेंक दिया था
मृतका की पहचान ललिता कुमारी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि ललिता मंगलवार शाम करीब पांच बजे से लगातार फोन पर किसी से बात कर रही थी। इस दौरान रात करीब नौ बजे उसके पिता ने उसे टोका और पूछा कि इतने देर से किससे और कहां बात कर रही हो। ललिता के पिता ने फोन पर बात करने से मना किया। इसके बाद ललिता ने फोन को स्विच ऑफ करके आंगन में फेंक दिया और अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया।
दुपट्टे को फंदा बनाकर झूल गई
थोड़ी देर बाद घरवालों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। फिर घरवालों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने छप्पर हटाकर देखा तो ललिता दुपट्टे को फंदा बनाकर झूल गई थी। फिर ऊपर से ही परिजन अंदर पहुंचे और फंदे से ललिता को उतार कर पुलिस को इसकी सूचना दी। सुबह पहुंची पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच अस्पताल भेज दिया।
लड़की के पिता हैं दिहाड़ी मजदूर
लड़की के पिता दूधनाथ रविदास ने बताया कि वे दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। उनकी चार बेटियां और एक बेटा है। ललिता चारों बहनों में सबसे छोटी थी। उन्होंने बताया कि वे मूल रूप से बिहार गया जिले के रहनेवाले हैं।