logo

India Corona Update: बीते 24 घंटे में देश में मिले 50 हजार से ज्यादा मरीज, भारत ने वैक्सीन के निर्यात पर लगाई रोक

6838news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क:

 

भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना के 50 हजार से ज्यादा केस सामने आये हैं। भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश के 18 राज्यों में कोरोना वायरस का एक नया डबल म्यूटेंट वेरिएंट मिला है। ताजा जानकारी के मुताबिक बीते 24 घंटे में भारत में 53 हजार 476 केस सामने आये हैं। इस बीच 251 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 3 लाख 95 हजार से ज्यादा है। अब तक 1 करोड़ 17 लाख से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। अब तक 5 करोड़ 31 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाया जा चुका है।

 

भारत ने वैक्सीन के निर्यात पर लगाई रोक

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच भारत ने कोविशील्ड वैक्सीन के निर्यात पर फिलहाल रोक लगा दी है। भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच देश में वैक्सीन की मांग में इजाफा होगा। यही वजह है कि फिलहाल कोविशील्ड के निर्यात पर पाबंदी लगाई गयी है। बता दें कि कोविशील्ड वैक्सीन का निर्माण ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका ने किया है। भारत में इस वैक्सीन का उत्पादन पुणे स्थित दवा निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने किया है।

 

इन पांच राज्यों में हैं कोरोना के सर्वाधिक मरीज

बता दें कि भारत में कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक हैं। झारखंड में भी बीते कुछ दिनों में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 16 हजार 658 नये मामले सामने आये हैं। इस बीच यहां 95 लोगों की मौत भी हो गयी। मध्य प्रदेश में 755 नये मरीज मिले हैं। यहां सात लोगों की मौत भी हो चुकी है। केरल में बीते चौबीस घंटे में 386 नये मरीज मिले हैं। आंध्र प्रदेश में 330 नये कोरोना मरीज मिले हैं। कर्नाटक में 1 हजार 291 नये कोरोना मरीज मिले हैं वहीं इस राज्य में बीते 24 घंटे में 12 मरीजों की मौत हो गयी। तमिलनाडु में 601 नये मरीज मिले हैं।

 

वैक्सीनेशन के लिये 1 अप्रैल से होगा रजिस्ट्रेशन

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब 45 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोरोना टीका लगाया जायेगा। इसके लिये रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू हो जायेगी। अब तक 5 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। इस बीच कई राज्यों ने होली, रामनवमी या नवरात्रि जैसे त्योहारों में 200 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी लगाई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि वैक्सीन लगवाने के बाद भी लोगों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करना चाहिये। इसमें दो गज की दूरी, मास्क लगाना, हाथ को सेनिटाइजर या साबून से धोना जैसे एहतियात शामिल हैं। लापरवाही भी कोरोना संक्रमण की बढ़ोतरी के लिये जिम्मेदार है।