logo

पटना में हैंडपंप की फैक्ट्री में बनायी जा रही थी पिस्टल, पुलिस ने की रेड तो फटी रह गई आंखें

1201news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना
अगर आपके आस पास कोई फैक्ट्री चल रही हो तो जरा सावधान रहिए। हो सकता है कि फैक्ट्री किसी और चीज की हो लेकिन उसमें तैयार कुछ और हो रहा है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि पटना के खुसरुपुर में हैंडपंप की फैक्ट्री में पिस्टल का निर्माण हो रहा था। एसटीएफ ने मंगलवार को छापा मारा तो इसका खुलासा हुआ है। पुलिस को छापेमारी के दौरान इस फैक्ट्री से 24 तैयार और अर्धनिर्मित सात एमएम की पिस्टल मिली है। फैक्ट्री में पिस्टल बनाने के उपकरण और मशीन बरामद भी किए गए हैं। पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। 

मुंगेर से जुड़े हैं तार
जी हां, हैंडपंप बनाने के नाम पर चल रही फैक्ट्री में पिस्टल बनायी जा रही थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि खुसरूपुर की इस अवैध हथियार फैक्ट्री के तार मुंगेर से जुड़े हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि गिरफ्तार सभी लोग मुंगेर के रहने वाले हैं। बताने की जरुरत नहीं है कि मुंगेर अवैध हथियार निर्माण का गढ़ रहा है। पिछले दिनों पुलिस की सख्ती के चलते धंधेबाज मुंगेर से बंदूक बनाने की फैक्ट्री को दूसरे जिलों में ले गए। कुछ दिनों पहले वैशाली में भी अवैध बंदूक फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ था और उसके तार भी मुंगेर से जुड़े थे।

माचिस की फैक्ट्री में बन रहा था बम
यह पहला वाक्या नहीं है, जब खुसरूपुर में फैक्ट्री किसी और सामान की थी और अंदर बन कुछ और रहा था। इसी थाना क्षेत्र में माचिस की फैक्ट्री में बम बनाया जा रहा था। 2005 में इस फैक्ट्री में विस्फोट हो गया था और 20 से अधिक लोग मारे गए थे। पुलिस ने इस मामले में भी कई लोगों को पकड़ा था, लेकिन इसके बावजूद आज भी हथियार तस्करों का खेल जारी है।