logo

भाजपा के शासन में हुआ झारखंड का सबसे अधिक दोहन-तेजस्‍वी यादव

12994news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सह प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार और खास करके झारखंड प्रदेश का सबसे ज्यादा दोहन भाजपा के शासन में हुआ और जितना रायल्टी झारखंड से केन्द्र सरकार को मिलती है उसका किसी तरह का फायदा झारखंड को नहीं मिलता है। केन्द्र सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। जिसके कारण बेरोजगार नौजवानों की संख्या काफी बढने के साथ साथ युवाओं में भाजपा के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। नौजवान देश में व्यवस्था परिवर्तन के लिए बेचैन हैं, जो आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में देखने को मिलेगा। तेजस्‍वी रांची में प्रदेश राजद के कार्यक्रम में आज बोल रहे थे।

 

बिहार और झारखंड के लोगों में काफी सामंजस्य

तेजस्‍वी ने कहा कि झारखंड प्रदेश बिहार का पुराना बिहार है। इससे माटी, संस्कृति, भाषा में विभिन्नता के बावजूद भी यहां पर सामाजिक न्याय के मानने वाले लोगों की संख्या सभी दलों से ज्यादा है। यहां पर बिहार से अलग होने के बावजूद लोगों में काफी सामंजस्य है। जरूरत है उनलोगों को एकजुट करने की। पुराने तेवर के साथ दल को मजबूत करके सभी जिलों में संगठन को बूथ लेवल से लेकर प्रखंड, जिला एवं प्रदेश स्तर तक सुदृढ़ किया जाना चाहिए। यही संकल्प लेकर गांवों तक संगठन को फैलाना है और जो भी लोग किसी भी कारणवश दल से दूर हैं या नाराजगी में हैं उन्हें दल से जोड़ना है !सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में दौरा करके दल को मजबूती करने के उद्देश्य के साथ आपसी सामंजस्य के साथ सभी लोगों को लग जाना है।

लालू प्रसाद ने गरीब-गुरबों के उत्थान के लिए ही काम किया
ऱाजद के प्रदेश प्रभारी पूर्व केन्द्रीय मंत्री जय प्रकाश यादव ने कहा कि लालू प्रसाद ने शुरू से ही गरीब तबके एवं सामाजिक स्तर के निचले पायदान में रहने वाले लोगों के उत्थान के लिए ही काम किया है। ये भीड़ एवं उत्साह इस बात को प्रमाणित करता है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह एवं प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव ने कहा कि आज के कार्यक्रम में जिस तरह के उत्साह को देखा गया है, इससे ये तय हो गया है कि दल में ईमानदारी के साथ काम करने वाले लोगों को ही प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड के लोक गायक मुकुंद नायक ने गीत गाए। सभा को झारखंड के श्रम कल्याण एवं कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व सांसद  घुरन राम, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, पूर्व मंत्री राधा कृष्ण किशोर , कोषाध्यक्ष सुभाष यादव, संजय सिंह यादव, युवा अध्यक्ष रंजन यादव, विजय राम प्रदेश प्रवक्ता शैलेन्द्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता स्मिता लकड़ा, मनोज कुमार, अनीता यादव, पूर्णेंदू यादव ने भी संबोधित किया। मौके पर राजद के प्रकोष्ठ अध्यक्षों धर्मेन्द्र महतो, ओम प्रकाश यादव, राजेश रौशन, इम्तियाज वारसी ,सी पी सोलंकी के अलावा श्याम दास सिंह, राजेश यादव,सुरेन्द्र प्रसाद,अनिल यादव, मदन यादव,सत्यनारायण यादव, सुखदेव विद्रोही, तारकेश्वर यादव, अमरेन्द्र यादव, मुमताज कुरैशी सहित काफी संख्या में प्रखंड स्तर तक के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्‍थित थे।