logo

जमशेदपुर: नाबालिग ने अधेड़ को चाकू से गोदा, कुत्ते का भौंकना बना हत्या की वजह

5121news.jpg
द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर 
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक नाबालिग ने अधेड़ उम्र के शख्स की हत्या कर दी। मामला टाटा कमिंस यार्ड के पास की है। हत्या की वजह चौंकाने वाली है। जानकारी के मुताबिक नाबालिग, मृतक के कुत्ते के भौंकने से गुस्से में था। नाबालिग ने मृतक सोमा की पत्नी को भी पत्थर मारकर घायल कर दिया। 

कुत्ते का भौंकना कैसे बना हत्या की वजह
मिली जानकारी के मुताबिक 45 वर्षीय सोमा मुंडा पूर्ति टाटा कमिंस यार्ड के सामने एक झोपड़ी में अपनी पत्नी चांदनी सिरका के साथ रहता था। सोमा के पास एक पालतू कुत्ता था। कुत्ता अक्सर रात को भूंकता था। इसी बात को लेकर आरोपी नाबालिग और मृतक सोमा मुंडा पूर्ति के बीच झगड़ा होता था। 

ये भी पढ़ें......

शुक्रवार रात तकरीबन साढ़े नौ बजे नाबालिग वहां से गुजर रहा था, तभी सोमा का कुत्ता उस पर भौंकने लगा। नाबालिग ने कुत्ते को पत्थर से मारा जिसके बाद ये पूरा विवाद हुआ। विवाद इतना गहरा गया कि बात हत्या तक पहुंच गई। नाबालिग ने सोमा मुंडा पूर्ति पर चाकू से हमला किया वहीं उसकी पत्नी चांदनी सिरका के सिर पर पत्थर से वार किया। चाकू लगने से सोमा की मौके पर ही मौत हो गई वहीं उसकी पत्नी चांदनी गंभीर रूप से घायल है। 

आरोपी को हिरासत में ले जांच में जुटी पुलिस
छोटी-छोटी बातें कभी-कभी बड़े विवाद का रूप ले लेती है। जमशेदपुर की ये घटना इसकी बानगी है। इधर हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपी 14 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।