logo

धरती को कोरोना वायरस से बचाएंगी दो परियां! अफवाह सुनते ही जुटी भीड़, गाइडलाइन की उड़ी धज्जियां

9350news.jpg
द फॉलोअप टीम, भोपाल: 

कोरोना वायरस से धरती को बचाने के लिए दो देवपरियां आई है। जो भी व्यक्ति इन देवपरियों से अपने ऊपर पानी छिड़कवाएगा उसे कोरोना से मुक्ति मिल जायेगी। ये बात जैसे ही फैली, लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। सैकड़ों की संख्या में लोग देवपरियों से पानी छिड़कवाने और उनका दर्शन करने के लिए इकट्ठा हो गये। सोशल डिस्टेंसिंग की खूब धज्जियां उड़ाई गयी। 

मध्य प्रदेश के राजगढ़ की है पूरी घटना
ये पूरी घटना मध्य प्रदेश के राजगढ़ स्थित चाटूखेड़ा गांव की है। अफवाह फैली की इस गांव में दो महिलाओं के शरीर में देवपरियां आई हैं। भगवान ने धरती को कोरोना वायरस से बचाने के लिए उनको धरती पर भेजा है। कहा गया कि जो भी शख्स इन परियों से अपने शरीर पर पानी छिड़कवायेगा और इनका दर्शन करेगा उसे कोरोना का खतरा नहीं होगा। इस खबर के फैलते ही आसपास के कई गांवों के लोगों ने राजगढ़ का रूख कर लिया। सैकड़ों की संख्या में लोग चाटूखेड़ा गांव के बाहर इकट्ठा हो गये। वहां झाड़-फूंक का नाटक चलने लगा। लोग ये तमाशा देखते रहे। 

लोगों ने उड़ाई सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां
मिली जानकारी के मुताबिक यहां सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की धज्जियां उड़ाई गई। लोग एक-दूसरे के काफी करीब दिखे। किसी के भी चेहरे पर मास्क नहीं था। किसी ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी। स्थानीय पुलिस आई और लोगों को वहां से हटाया। इधर देवपरी होने का दावा करने वाली दोनों महिलाओं को आपदा प्रबंधन एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। 

भारत में कोरोना की दूसरी लहर से तबाही
भारत में कोरोना की दूसरी लहर ने भीषण तबाही मचाई है। अब तक 3 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। चिकित्सक दिन-रात लोगों की जान बचाने में लगे हैं। वैज्ञानिक इसकी दवा तलाश रहे हैं। वैक्सीनेशन जारी है। सरकारें लोगों को वैक्सीनेशन के साथ-साथ सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने के प्रेरित कर रही है लेकिन दूसरी ओर राजगढ़ जैसे अंधविश्वास की वजह से चुनौतियां बढ़ जाती है। इससे पहले भी यूपी और बिहार के कई गावों से कोरोना माता की पूजा जैसी बातें सामने आ चुकी है।