द फॉलोअप टीम, रांची:
केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने आईएससी अवार्ड 2020 की घोषणा कर दी। केंद्र सरकार के ओर से स्मार्ट सिटी मिशन के छठे वर्षगांठ के मौके पर इस अवॉर्ड की घोषणा की गई है, जिसमें स्मार्ट सिटी रांची को स्मार्ट सिटी लीडरशिप अवॉर्ड से नवाजा गया है। शुक्रवार को नयी दिल्ली से ऑनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से स्मार्ट सिटी मिशन की छठी वर्षगांठ के मौके पर भारत सरकार के केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा की मौजूदगी में आईएससी अवार्ड 2020 की घोषणा की गयी है।
बेहतर कार्यकुशलता का अवॉर्ड
यह अवॉर्ड रांची को बेहतर कार्य कुशलता, वित्तीय प्रबंधन और उपयोगिता के लिए मिला है। हर साल सिटी मिशन के वर्षगांठ के मौके पर इस कार्यक्रम का आयोजन होता है लेकिन इस साल यह कार्यक्रम ऑनलाइन हुआ। कार्यक्रम के दौरान कई पदाधिकारी मौजूद रहे। झारखंड सरकार की ओर से राज्य शहरी अभिकरण के निदेशक और रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीईओ अमित कुमार ऑनलाइन के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर स्मार्ट सिटी के जीएम राकेश कुमार भी मौजूद रहे। रांची को अवॉर्ड मिलने के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग झारखंड के सचिव विनय कुमार चौबे ने रांची स्मार्ट सिटी की पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान रांची के लोगों के लिए गर्व की बात है।
देश में 11वें स्थान पर है रांची
रांची देश के 100 शहरों में 11वें स्थान पर है और राज्यों की श्रेणी में झारखंड प्रथम स्थान पर है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी कई बार रांची स्मार्ट सिटी के कार्यों की प्रशंसा भी की है। मुख्यमंत्री ने झारखंड के लोगों को पहले आश्वस्त भी किया है, कि स्मार्ट सिटी रांची जन आकांक्षाओं के अनुरूप विकसित होगी और इसके विकास में जन भागीदारी सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए समय-समय पर मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन और दिशा निर्देश रांची स्मार्ट सिटी को मिलते रहता है।