logo

लोवाडीह में भीषण सड़क हादसा, बीमार पिता की तीमारदारी में लगे युवक की मौत

8183news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:

नामकुम थाना क्षेत्र के लोवाडीह  में एक युवक की गुरुवार सुबह सड़क हादसे में जान चली गयी। मृतक की पहचान फूलचंद तिर्की के रूप में की गई है। फूलचंद तमाड़ का रहने वाला था। रांची मेडिका में फूलचंद के पिता भर्ती थे। फूलचंद बीते तीन दिन से पिता की तीमारदारी में लगा था। कई रातों से सोया नहीं था। 

मेडिका से अपने घर जा रहा था
जानकारी के मुताबिक पिता का इलाज करा कर वह रांची मेडिका से अपने घर तमाड़ लौट रहा था। उसी वक़्त यह हादसा हुआ। नामकुम की तरफ से आ रहे कंटेनर में सीधा फूलचंद की कार टकरा गई। इस भीषण हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फूलचंद तिर्की को रिम्स भेजा जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

सिर में गंभीर चोट लगी थी
क्षतिग्रस्त कार को पुलिस ने जब्त कर लिया। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गयी थी। लोगों ने  काफी मशक्कत से कार के चिपके हुए हिस्से से फूलचंद तिर्की को बाहर निकाला। सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसकी मौत हो गई।