द फॉलोअप टीम, रांची:
रांची के एचईसी में सेवा दे चुके हजारों कामगारों का 1997 से लेकर 2008 तक का एरियर अब तक बकाया है। इससे ना सिर्फ काम करने वाले बल्कि उनके परिवार भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। एरियर बकाया होने की वजह से ये सभी परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं।
सांसद संजय सेठ ने लोकसभा में उठाया मुद्दा
'1997 से 2008 तक के एरियर बकाया होने के चलते कई लोग आर्थिक अभाव में अपना इलाज नहीं करवा पाए। कई लोगों का देहांत हो गया। कई परिवार आज भी बुरी तरह से आर्थिक समस्या से जूझ रहे हैं'। उक्त बातें सांसद संजय सेठ ने आज लोकसभा में कही। लोकसभा में चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि एचईसी के 7300 अधिकारियों-कर्मचारियों का का एरियर बकाया है।
एरियर की मांग पर केवल मिला आश्वासन
सांसद संजय सेठ ने संसद में कहा कि एचईसी की जमीन को स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत खरीदा गया। स्मार्ट सिटी निर्माण हेतु ली गई जमीन के एवज में एचईसी को पैसा दिया गया, फिर से लोगों को ये आश्वासन मिला कि इस पैसे से एरियर का भुगतान हो जाएगा से लेकिन अब तक एरियर का भुगतान नहीं हो पाया है। संजय सेठ ने सरकार से आग्रह किया कि लगभग 7300 लोगों को अविलंब एरियर का भुगतान किया जाए ताकि इनके परिवार के सदस्य अच्छे से खुशहाल जीवन जी सकें।