logo

रांची मेयर ने दौरा कर दिये बारिश के जल जमाव और गंदगी दूर करने के निर्देश

9046news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:

चक्रवात यास के प्रभाव से रांची में बुधवार की सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है। शहरी क्षेत्र में लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। कहीं लोग जलजमाव से परेशान हैं तो कहीं गंदगी से। गुरुवार को मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर जलजमाव व साफ-सफाई का निरीक्षण किया। 

अंतू चौक में करवाई नाली की साफ-सफाई
इस क्रम में मेयर सबसे पहले अंतू चौक पहुंची। सफाईकर्मियों से नाली की सफाई करवाई। हरिहर सिंह रोड में जलजमाव की स्थिति देख मेयर ने निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द नाली को दुरुस्त कराएं। मोराबादी मैदान में भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मेयर ने निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मोरहाबादी को जोड़ने वाले नाली के मुहाने से कचरा हटा कर पानी की निकासी कराएं। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता,  रांची नगर निगम के सिटी मैनेजर उपस्थित थे।

शहर में कहीं भी जलजमाव की स्थिति नहीं बने
मेयर करमटोली चौक, जेल चौक, एमजी मार्ग होते हुए अरगोड़ा चौक पहुंची। हरमू बाइपास रोड व अरगोड़ा चौक के बीच बिरसा मुंडा राजपथ पर जलजमाव की स्थिति को देख उन्होंने निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मोटर लगाकर डिसिल्टिंग मशीन से तत्काल पानी की निकासी कराएं। मेयर के निर्देश पर जलजमाव वाले स्थल से पानी की निकासी के लिए जेसीबी से कचरा हटाया गया। इस दौरान मेयर ने निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सुपरवाइजर, जोनल सुपरवाइजर व सफाईकर्मियों को तेजी से शहर की सफाई करने का निर्देश दें। 

निगम के संसाधनों का समुचित उपयोग जरूरी
मेयर ने कहा कि चक्रवात यास से उत्पन्न विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए नगर आयुक्त ने पूरी तैयारी की थी। 53 वार्डों में छोटे व बड़े नालों की सफाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। परंतु वर्तमान हालात क्या हैं, इसे शहर के लोग अच्छी तरह समझ रहे हैं। रांची नगर निगम के पास उपलब्ध संसाधनों को समुचित उपयोग किया जाए तो न सिर्फ साफ-सफाई की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त होगी, बल्कि मानसून की बारिश शुरू होने से पूर्व छोटे व बड़े नालों की सफाई भी हो जाएगी।

नए सिरे से पुलिया बनाने पर दिया बल
बिरसा राजपथ पर जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए मेयर ने पथ निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता से बात की और कहा कि पुरानी पुलिया की जगह नए सिरे से पुलिया निर्माण कराने की आवश्यकता है। जलजमाव की समस्या का जल्द से जल्द समाधान नहीं किया गया तो मानसून की बारिश शुरू होने के बाद शहरवासियों को काफी परेशानी होगी। मेयर ने पथ निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता से यह भी कहा कि यदि ह्यूम पाइप लगाकर जलजमाव की समस्या का समाधान हो सकता है तो तत्काल इस दिशा में पहल करें। 

हादसे में मृत पिता पुत्र को मुआवजे का आदेश
इसके बाद मेयर एचईसी साइट-5 स्थित बंगला स्कूल के समीप पहुंची, जहां गुरुवार की सुबह दीवार गिरने से मासूम बच्चे व उसके पिता की मौत हो गई। पीड़ित परिवार से मिलकर उन्होंने पूरी घटना की जानकारी ली और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। मेयर ने मौके पर सीओ से बात कर पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन के तहत निर्धारित मुआवजा की राशि जल्द से जल्द भुगतान करने का निर्देश दिया।