logo

पहाड़ों से आती बर्फीली हवाओं ने झारखंड में बढ़ाई ठिठुरन, आने वाले दिनों में बढ़ेगा सर्दी का सितम

16236news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में सर्दी ने सितम बरसाना शुरू कर दिया है। राजधानी रांची में शीतलहरी ने लोगों को हलकान कर रखा था। मैकलुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। इलाके में कई स्थानों तक तो पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पहाड़ी इलाकों से आती सर्द हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है। धूप निकलने के बाद भी कंपकंपी बरकरार है। 

आने वाले दिनों में और गिरेगा तापमान
मौसम विज्ञानियों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान और गिरेगा। रविवार की सुबह मैकलुस्कीगंज के अलग-अलग स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3 से साढ़े 3 डिग्री तक गिर गया था। इलाके में कई हिस्सों में घने कोहरे की वजह से बिजिबिलिटी काफी कम थी। सूरज निकले काफी देर हो गया था लेकिन वो नजर नहीं आ रहा था। सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। 

बड़ी आबादी घरों में कैद होने को मजबूर
दिन भर चलने वाली सर्दीली हवाओं की वजह से बड़ी आबादी घरों में कैद हो गई है। लोग दोपहर बाद ही घरों से निकल रहे हैं वो भी काफी कम संख्या में। लोग शाम होने से पहले ही घरों में लौट जाते हैं। जिला प्रशासन की तरफ से फिलहाल अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल और ऑफिस जाने वाले बच्चों तथा व्यस्कों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मैकलुस्कीगंज में तापमान 0 तक पहुंच सकता है। ये चिंताजनक है। 

रांची का न्यूनतम तापमान भी गिरा
राजधानी रांची की बात की जाये तो मौसम विभाग के मुताबिक रांची का न्यूनतम तापमान रविवार को 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। ये सामान्य से 2 डिग्री कम था। मौसम विभाग का मानना है कि आगामी 25 दिसंबर तक तापमान 6 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। क्रिसमस वाले दिन बारिश का भी अनुमान है। कोहरा भी बढ़ेगा। इसके बाद मौसम साफ होगा।