logo

विपक्ष के लिए गाय गुनाह लेकिन हमारे लिये पूजनीय है, 8 करोड़ परिवारों की आजीविका इससे चलती है: मोदी

16365news.jpg

द फॉलोअप टीम, वाराणसी:

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जनसभा को संबोधित किया। पीएम ने कहा कि कुछ लोगों ने यहां ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं कि हमारे यहां गाय और गोवर्धन की बात करना गुनाह बना दिया गया है। पीएम ने कहा कि गाय कुछ लोगों के लिए गुनाह हो सकती है लेकिन हमारे लिये गाय माता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गाय-भैंस का मजाक उड़ाने वाले लोग ये भूल जाते हैं कि देश के 8 करोड़ परिवारों की आजीविका ऐसे ही पशुधन से चलती है। उन्होंने कहा कि गाय हमारे लिये पूजनीय हैं। 

पूर्वांचल के विकास से आहत हैं लोग! 
वाराणसी में प्रधानमंत्री ने कहा कि जब मैं डबल इंजन की दोहरी शक्ति और काशी तथा यूपी के दोहरे विकास की बात करता हूं तो कुछ लोग आहत हो जाते हैं। पीएम ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि इन लोगों ने यूपी की राजनीति को सिर्फ जाति, पंथ और धर्म के नजरिये से देखा है। वे नहीं चाहते कि राज्य का विकास हो। उत्तर प्रदेश की अपनी पहचान हो। पीएम ने कहा कि विपक्ष केवल हंगामा करता है। 

हमारे ऊपर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद! 
पीएम ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि उनकी यानी विपक्ष की डिक्शनरी, बॉडी लैंग्वेज और विचारों में माफियावाद, परिवारवाद और अवैध संपत्ति का कब्जा है। उनको पूर्वांचल के विकास और यहां तक कि काशी विश्वनाथ धाम से भी समस्या है। पीएम ने कहा कि चूंकि हमें भोलनाथ का आशीर्वाद मिलता रहता है इसलिए उनका गुस्सा आसमान छूने लगता है। यही समस्या है। 

यूपी में साल 2022 में होने वाला है चुनाव
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2022 में चुनाव होने वाला है। वहां जल्द ही चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है। फिलहाल यूपी की सत्ता पर भारतीय जनता पार्टी काबिज है। कांग्रेस, सपा और बसपा मुख्य विपक्षी पार्टियां हैं। सभी पार्टियों के तमाम बड़े नेता राज्य में लगातार सभा और रैलियां कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में प्रतिज्ञा रैली कर रही हैं।