logo

पटना में छात्रों का आंदोलन उग्र, सीएम आवास मार्च के दौरान बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल

PATNA_PROTEST_.jpg

पटना
पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, रोजगार और शिक्षा व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को राजधानी पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। पटना विश्वविद्यालय के करीब 15 छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र जेपी गोलंबर से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च के लिए निकले। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ने लगे।
जेपी गोलंबर से डाकबंगला तक बढ़ा प्रदर्शन
जेपी गोलंबर पर शुरू हुआ प्रदर्शन इनकम टैक्स गोलंबर होते हुए डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की और हल्की झड़प हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछार के बाद कई छात्र सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें हटाकर सड़क किनारे किया और आगे बढ़ने से रोक दिया।
पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए गांधी मैदान थाना क्षेत्र समेत पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। जेपी गोलंबर, इनकम टैक्स चौराहा, डाकबंगला और मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और दंगा नियंत्रण बल की तैनाती की गई। एहतियात के तौर पर वाटर कैनन समेत अन्य सुरक्षा संसाधनों को भी मौके पर रखा गया।
छात्रों ने रखीं पांच प्रमुख मांगें
प्रदर्शन में शामिल छात्र संगठनों ने भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुई कार्रवाई वापस लेने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा सीवान में हालिया छात्र आंदोलन के दौरान गोली लगने से घायल छात्र को मुआवजा देने, गिरफ्तार छात्रों की रिहाई और गोलीबारी के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
कांग्रेस नेताओं और पप्पू यादव ने दिया समर्थन
प्रदर्शन के दौरान बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम छात्रों के समर्थन में पहुंचे। उन्होंने बैरिकेडिंग पर चढ़कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों की मांगों का समर्थन किया। वहीं सांसद पप्पू यादव ने भी छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की।
पुलिस बोली- कानून व्यवस्था से समझौता नहीं
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कानून-व्यवस्था भंग करने या बैरिकेडिंग तोड़ने जैसी घटनाओं की अनुमति नहीं दी जा सकती। अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारी फिलहाल डाकबंगला चौराहे तक पहुंच चुके हैं, जहां उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया गया है। मौके पर तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है और पुलिस-प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।

Tags - Bihar Congress NSUI Student Protest Paper Leak