द फॉलोअप टीम, रांची:
जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी और बरही विधायक अकेला यादव ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। मुलाकात में राज्य में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण और महामारी की रोकथाम पर चर्चा हुई। विधायक डॉ. इरफान अंसारी और अकेला यादव ने कोरोना की रोकथाम कि लिए सीएम हेमंत सोरेन द्वारा उठाए गए कदम का स्वागत किया। उन्होंने प्रयासों को सराहनीय बताया।
रेमडेसिवीर इंजेक्शन के लिए सीएम का शुक्रिया
डॉ. इरफान अंसारी ने सीएम से कहा कि आपने बांग्लादेश से रेमडेसिवीर इंजेक्शन मंगवाने का जो फैसला लिया है, उसके लिए आपको धन्यवाद देता हूं। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में इंजेक्शन की मांग बढ़ गयी है। विधायक ने सीएम से कहा कि संकट काल में आपके द्वारा की गयी पहल से लाखों लोगों की जिंदगी बचाई जा सकेगी। डॉ. इरफान अंसारी ने बतौर चिकित्सक सेवा देने का प्रस्ताव भी सीएम को दिया।
बतौर चिकित्सक सेवा देने का भी दिया प्रस्ताव
विधायक डॉ. इऱफान अंसारी ने सीएम हेमंत सोरेन से कहा कि मैंने पहले भी बतौर चिकित्सक अपनी सेवा दी है। लोगों की जिंदगियां बचाई है। उन्होंने कहा कि मैं एक चिकित्सक हूं और लोगों को अपनी आंखों के सामने मरते नहीं देख सकता। डॉ. इरफान अंसारी ने सरकार को सुझाव दिया कि राज्य में बतौर चिकित्सक उनकी सेवा ली जा सकती है। विधायक ने सीएम हेमंत सोरेन के सामने प्रस्ताव रखा कि वे निशुल्क लोगों की सेवा करना चाहते हैं। सीएम ने इसकी सराहना की।
कोरोना के खिलाफ मुस्तैदी से लड़ रही सरकार
विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में गठबंधन की सरकार कोरोना के खिलाफ काफी मुस्तैदी से जंग लड़ रही है। उन्होंने कहा कि हमने नहीं सोचा था कि ऑक्सीजन की इतनी कमी हो जाएगी। ऑक्सीजन के अभाव में लोगों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले ही इससे निपटने की पर्याप्त तैयारी नहीं की गयी जिसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने सीएम की तारीफ करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन इन परिस्थितियों में काफी सजग और गंभीर हैं।
अकेला यादव ने भी की डॉ. इऱफान की तारीफ
मौके पर मौजूद बरही विधायक अकेला यादव ने भी डॉ. इरफान अंसारी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. इरफान अंसारी काफी ईमानदार और होनहार हैं। उनमें निष्पक्ष भावना से निस्वार्थ भाव से लोगों की सेवा करने का जज्बा है। वे लोगों की सेवा कर भी रहे हैं। विधायक अकेला यादव ने कहा कि सीएम को डॉ. इरफान अंसारी की सेवा लेनी चाहिए। चिकित्सक के रुप में वे काफी मुस्तैदी से काम करेंगे।