logo

राजस्थान की नई कैबिनेट पर पुराने विधायकों ने उठाए सवाल, कहा- भ्रष्ट लोगों को मिला प्रमोशन

15161news.jpg

द फॉलोअप टीम, जयपुर: 

राजस्थान कांग्रेस और सरकार में बड़ा बदलाव किया गया। शनिवार सुबह से जारी सुगबुगाहट के बीच रविवार की रात सारे मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। नए सिरे से मंत्रिमंडल का गठन किया गया। जयपुर में आयोजित एक समारोह में कांग्रेस नेता रमेश मीणा, ममता भूपेश बैरवा, भजन लाल जाटव और टीकाराम जूली ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। 

कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले नेता
राज्यपाल कलराज मिश्र ने कांग्रेस विधायक महेंद्रजीत सिंह मालवीय, रामलाल जाट, महेश जोशी और विश्वेंद्र सिंह को राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई। जयपुर में राजभवन में एक समारोह में राजेंद्र गुड्डा और जाहिदा खान को भी राजस्थान सरकार में राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। गोविंद राम मेघवाल और शंकुतला रावत ने भी राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल कलराज मिश्र ने सबको पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। बृजेश सिंह ओला और मुरारी लाल मीणा ने भी कैबिनेट राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 

अशोक गहलोत ने विधायकों से क्या कहा
नए मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण से पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जिनको कैबिनेट में शामिल नहीं किया जा सका है उनका शासन में योगदान मंत्री बनाए गए लोगों से कम नहीं है। किसी को भी नाराज या उदास होने की आवश्यक्ता नहीं है। इस बीच कुछ वरिष्ठ नेताओं ने मंत्रिमंडल के गठन पर नाराजगी भी व्यक्त की है। 

नई कैबिनेट पर पुराने नेताओं ने उठाये सवाल
कांग्रेस की विधायक शकिया जुबैर ने राजस्थान कैबिनेट फेरबदल पर कहा कि कैबिनेट का ढांचा और बेहतर हो सकता था। खराब प्रतिष्ठा वालों को पदोन्नति दी गई है। कुल मिलाकर कैबिनेट अच्छा संदेश नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण नहीं दिया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक जौहरी लाल मीणा ने भी कैबिनेट पर सवाल खड़ा किया है। कहा कि हमारे जिले यानी अलवर में ये सब जानते हैं कि टीकाराम जूली भ्रष्ट व्यक्ति है। उसका पूरा परिवार वसूली में शामिल है। मैंने पार्टी नेतृत्व से मांग की थि कि उनको हटाया जाये लेकिन मंत्री बना दिया। जौहरी लाल मीणा ने इस फैसले पर अंसतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मैं इसके खिलाफ हूं। 

पुराने विधायकों के आरोप पर मंत्रियों का जवाब
विधायक जौहरी लाल मीणा के आरोपों पर पलटवार करते हुए राजस्थान कैबिनेट के नव-नियुक्त मंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि वो पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। मैं उनका सम्मान करता हूं लेकिन उनके आरोप पूरी तरह निराधार हैं। यदि अपने आरोपों के समर्थन में उनके पास कोई सबूत है तो उनको पास आना चाहिए। यूं ही आरोप लगाना गलत है।