द फॉलोअप टीम
रांची : क्या रिम्स में इलाजरत राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के नाम 19 कमरे बुक हैं ? क्या लालू की वजह से आम मरीजों को हो रही है परेशानी ? दरअसल आज स्टोरी की शुरुवात हम यह सवाल इसलिए कर रहे हैं क्यूंकि 25 जुलाई को दिन भर सोशल मीडिया पर लालू को लेकर एक मैसेज खूब वायरल हुआ. दावा यही किया गया कि चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव रिम्स में 19 कमरों पर कब्ज़ा जमाये हुए हैं. यही कारण है कि कोरोना संक्रमित मरीजों को भी बेड नहीं मिल पा रहा है.
कौन किया ये वायरल ?
दरअसल फेसबुक, व्हाट्सएप और ट्विटर पर सुबह से ही एक मैसेज खूब वायरल हुआ. दावा यही किया गया कि लालू प्रसाद यादव रिम्स के पेइंग वार्ड में 19 कमरों यानि पूरा एक फ्लोर पर कब्ज़ा जमाये हुए हैं. मैसेज वायरल होने के बाद बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक पत्र लिख लिख डाला. बाबूलाल लिखते हैं "रिम्स में इलाजरत श्री लालू प्रसाद जिस फ्लोर पर भर्ती हैं उसके नीचे वाले फ्लोर पर सुरक्षा के नाम पर 19 कमरों को बेवजह बंद करके रखा गया है. सवाल है कि जहां एक तरफ एक-एक बेड के लिए इतना त्राहिमाम और घमासान मचा हुआ है, मरीज बेड के लिए परेशान हो रहे हैं और दूसरी तरफ 19 कमरों पर अनावश्यक रूप से बंद रखना समझ से परे है. इन 19 कमरों में न्यूनतम 40 मरीजों का तो इलाज हो ही सकता है. आखिर ऐसा किसके शह पर हुआ है."
क्या है सच्चाई ?
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव रिम्स में जहाँ इलाजरत हैं वह रिम्स का पेइंग वार्ड है. पेइंग वार्ड की बिल्डिंग में 4 फ्लोर हैं. हर फ्लोर पर 19 कमरा है. लालू प्रसाद यादव पेइंग वार्ड के फर्स्ट फ्लोर के कमरा नंबर A 11 में इलाजरत हैं. दो दिन पहले रिम्स के पेइंग वार्ड को कोविड वार्ड में तब्दील कर दिया गया है. इससे पहले यह आइसोलेशन वार्ड था. यहाँ सिर्फ कोरोना के संदिग्ध मरीज रहते थे. रिम्स चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक कश्यप ने द फॉलोअप से बात करते हुए बताया कि "रिम्स के पेइंग वार्ड में लालू के नाम से सिर्फ एक कमरा बुक है. यह अफवाह है कि उनके नाम पर 19 कमरा बुक है." विवेक कश्यप ने बताया कि "लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी रिम्स और सरकार की है. जो भी फैसला रिम्स की तरफ से लिया जाता है वह लालू के स्वास्थ्य को देखते हुए लिया जाता है. फ़िलहाल संक्रमण के खतरा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि लालू जिस फ्लोर में इलाजरत हैं उसमें कोविड के मरीज को नहीं रखा जायेगा. लालू यादव फर्स्ट फ्लोर के जिस कमरा में इलाजरत हैं, उसके अलावे सभी कमरा खुले हैं. कोरोना संक्रमित मरीजों को छोड़कर आम मरीजों को जरुरत अनुसार इन कमरों में व्यवस्था दी जाएगी."
लालू को है कई गंभीर बीमारी
चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव पहले ही 13 गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हैं. वे क्रॉनिक किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं. लालू के शुगर में भी बराबर उतार-चढ़ाव होता रहता है. ऐसे में राजद सुप्रीमो की ओर से कोरोना संक्रमण का खतरा बताते हुए पहले ही पैरोल की मांग की गई थी. रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल, होटवार के काराधीक्षक और जेल महानिरीक्षक ने भी लालू को कोरोना का खतरा बताते हुए रिम्स के पेइंग वार्ड से अलग शिफ्ट करने पर गृह विभाग को चिट्ठी लिखी थी.
लालू का शनिवार को लिया गया सैम्पल
कोरोना संक्रमित मरीजों के बीच रह रहे लालू प्रसाद यादव का कोरोना सैम्पल शनिवार को रिम्स में लिया गया. रिम्स प्रबंधन के अनुसार रविवार को लालू का कोरोना का रिपोर्ट आ जायेगा.