logo

शौक से चोरी करता है रांची का ये गिरोह, कभी पर्स तो कभी जेवरात पर कर देता है हाथ साफ

14072news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

आमतौर पर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी पुलिसिया पूछताछ में यही जवाब देते हैं कि उनके साथ कुछ मजबूरी थी, इसलिए उन्होंने चोरी की। लेकिन शनिवार को पुलिस ने 3 ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिन्होंने पूछताछ में बताया कि वे शौक से चोरी करते हैं। तीनो आरोपियों में एक 56 साल की बुजुर्ग महिला भी शामिल है। महिला को बोकारो से गिरफ्तार किया गया है वहीं दोनों युवक आरोपी को जमशेदपुर से। 

महिला ऑटो से चुराती थी सामान 

पुलिस ने पर्स और जेवरात की चोरी करने वाली एक महिला को  बोकारो के पेटरवार से गिरफ्तार किया है। महिला को जेल भेज दिया गया है। आरोपी महिला का नाम हसीना बानो है। उसके पास से चोरी के 24 हजार नकद और जेवरात भी मिले हैं। कोतवाली थानेदार शैलेस प्रसाद ने बताया कि बूटी मोड़ की रहने वाली आशा कुमारी 13 अक्टूबर को नागाबाबा खटाल के पास से काठीटांड़ जाने के लिए ऑटो में बैठी थी। आरोपी महिला भी बगल में सवारी बनकर बैठी थी। कुछ दूर जाने के बाद हसीना ने ऑटो में रखे बैग का चैन खोलकर पैसा और जेवरात निकाल लिए। आशा जब काठीटांड़ पहुंचीं तो देखा बैग का चैन खुला है और  पैसा और जेवरात गायब है।

प्राथमिकी दर्ज कराई 
आशा ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब अनुसंधान शुरू की तो टेक्निकल सेल की मदद से आरोपी महिला की जानकारी हो गयी। इसके बाद पुलिस  बोकारो के पेटरवार स्थित पैतृक गांव पहुंची। महिला ने स्वीकार किया है कि वह शौकिया तौर पर चोरी करती है। औरतों को भनक तक नहीं लगती है और वह चोरी कर लेती है। महिला के घर में पति और दो बेटी है। सभी उसकी इस हरकत का विरोध करते हैं। हसीना 11 साल से चोरी कर रही है। वह जेल भी जा चुकी है। इसके खिलाफ वर्ष 2010 में डोरंडा थाना में, वर्ष 2011, 2014 व 2016 में लालपुर थाना में, वर्ष 2015 में लोअर बाजार थाना में और वर्ष 2015 में सदर थाना में केस दर्ज हो चुका है। धनबाद में भी विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज है।

इधर दो आरोपी गिरफ्तार 
इधर पुलिस ने जमशेदपुर में साकची और बिस्टुपुर में छिनतई करने वाले दो बदमाशों को पकड़ा है। आरोपियों में निरंजन दुवान और राजकमल गोराई शामिल है। उनके पास से पुलिस ने 2 पर्स, 2 बाइक, 2 लेडीज गारमेंट, 2 मोबाइल और नगद 5700 रुपए बरामद किया है। दोनों को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। SSP डॉ एम तमिल वाणन ने बताया- दोनों बदमाशों ने ही 21 अक्टूबर को किताब खरीदने जा रही युवती से पर्स छिनतई की थी और 22 अक्टूबर को बिस्टुपुर सर्किट हाउस गोल चक्कर के पास एक महिला श्वेता कुमारी से पर्स छिनतई की घटना को थी। पूछताछ में दोनों ने ये भी बताया कि उन्होंने शौक से क्राइम की दुनिया में कदम रखा है।