logo

राजधानी रांची में 50 कोविड बेड देगी भारतीय सेना, सीएम हेमंत सोरेन ने दी जानकारी

7732news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

कोरोना संक्रमण काल में अलग-अलग संस्थायें लोगों की सहायता के लिए आगे आई है। भारतीय सेना भी इनमें से एक है। भारतीय सेना की तरफ से कहीं ऑर्मी हॉस्पिटल का द्वार आम लोगों के लिए खोल दिया गया है तो कहीं भोजन और ऑक्सीजन की व्यवस्था की गयी है। भारतीय वायुसेना ऑक्सीजन का देश में अलग-अलग स्थानों तक पहुंचना सुनिश्चित कर रही है। 

रांची में सेना करेगी संक्रमितों की सहायता
इसी कड़ी में अब झारखंड की राजधानी रांची में भी भारतीय सेना ने कोरोना संक्रमित मरीजों की सहायता करने का फैसला किया है। भारतीय सेना की तरफ से रांची में पचास कोवि़ड बेड की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ अहम मीटिंग के बाद अधिकारियों ने ये फैसला किया। सेना के अधिकारियों ने कहा कि जरूरत के मुताबिक आगे भी संक्रमित मरीजों की सहायता की जायेगी। 


रांची में पचास कोविड बेड देगी भारतीय सेना
सेना द्वारा कोविड बेड देने की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट के जरिए दी। हेमंत सोरेन ने बताया कि कोविड संक्रमित लोगों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए सेना के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। अधिकारियों ने फिलहाल रांची में पचास कोविड बेड देने का आश्वासन दिया है। इसमें ऑक्सीजन यूनिट्स की मदद सरकार द्वारा की जायेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि विकट समय में मदद के लिए मैं सेना का धन्यवाद करता हूं। 

संजय सेठ ने की थी आर्मी हॉस्पिटल की मांग
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले रांची से भारतीय जनता पार्टी के सांसद संजय सेठ ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को खत लिखा था। संजय सेठ ने रक्षामंत्री से मांग की थी कि राजधानी रांची में ऑर्मी हॉस्पिटल को आम लोगों के लिए खोल दिया जाए। संजय सेठ ने कहा था कि रांची के अस्पतालों में मरीजों का दबाव कम करने के लिए आम लोगों के लिए आर्मी हॉस्पिटल खोलना चाहिए।