द फॉलोअप टीम, रांचीः
चौथे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही जेपीएससी को लेकर हंगामा जारी है. भाजपा के विधायक अपनी सीट के बदले वेल में घुसकर प्रदर्शन कर रहे हैं. इस दौरान अलग-अलग नारे भी लगाए जा रहे हैं. कभी रिपोर्टिंग टेबल पीटकर, कभी वेल में ही बैठकर तो कभी एक साथ मिलकर जोरों की आवाज निकालकर पर भाजपा के विधायक हंगामा कर रहे हैं.
सदन में गूंज रहे हैं यह नारे
हेमंत सोरेन हाय-हाय, हेमंत सोरेन होश में आओ, जेपीएससी रद्द करो, जेपीएससी की दलाली नहीं चलेगी, मुख्यमंत्री कान में ठेपी लगाना बंद करो, अमिताभ चौधरी को बर्खास्त करो, सीबीआई से जांच कराना होगा और छात्र विरोधी सरकार होश में आओ जैसे नारे सदन में गूंज रहे हैं.

सीएम के जवाब से संतुष्ट नहीं हैं भाजपा के विधायक
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा के विधायक वेल में जाकर हंगामा कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने बीते सोमवार को सदन में कहा था कि जेपीएससी में आदिवासी, पिछड़े और दलित बच्चे आये हैं, ऐसे मनुवादी लोग हंगामा कर रहे हैं. सीएम के इस बयान का विरोध हो रहा है.
जेपीएससी रद्द करने की कर रहे हैं मांग
भाजपा के विधायक शीतकालीन सत्र के पहले दिन से ही जेपीएससी रद्द करने की मांग कर रहे हैं. इसके साथ इसकी जांच सीबीआई से कराने और जेपीएससी के चेयरमैन को बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं.