logo

बिजली के टावर पर चढ़ गया सिरफिरा आशिक, प्रेमिका ने शादी से किया था इंकार

6644news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
राजधानी रांची में मशहूर बॉलीवुड फिल्म शोले का रिमेक बना। नजारा ऐसा था कि लोग हैरान रह गये। एक सिरफिरे आशिक ने ऐसी हरकत की कि लोगों का हुजूम उसे देखने उमड़ पड़ा। प्रेमिका ने शादी से इंकार किया तो आशिक बिजली के टावर पर चढ़ गया। वीरू स्टाइल में धमकी दी कि अगर लड़की से उसकी शादी नहीं कराई तो वो कूद कर जान दे देगा। गांव वाले युवक को समझाते रहे कि नीचे आ जाये लेकिन आशिक का ड्रामा जारी रहा। आखिरकार पुलिस बुलानी पड़ी। आखिरकार शादी का आश्वासन मिलने पर वो नीचे उतरा। 

2 घंटे तक  चला जमकर ड्रामा
ये पूरी घटना राजधानी रांची के मांडर प्रखंड स्थित टटकुदो पतराटोली की है। जानकारी के मुताबिक घटना शुक्रवार शाम की है। यहां 25 साल का अशोक उरांव प्रेमिका द्वारा शादी से इंकार करने पर इतना नाराज हुआ कि बिजली के टावर पर चढ़ गया। उसने धमकी दी कि यदि प्रेमिका ने शादी के लिये हां नहीं की तो कूद कर जान दे देगा। उसने पूरे 2 घंटे तक  जमकर ड्रामा किया। वहां मौजूद लोग उसे समझाने का प्रयास कर रहे थे। लोगों ने अपील की कि नीचे उतर आये लेकिन सिरफिरा आशिक सुनने को तैयार नहीं था। मामला संभलता ना देखकर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस भी आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची। 

शादी के आश्वासन पर नीचे उतरा
इश्क में पागल आशिक अशोक उरांव बिजली के खंभे में तकरीबन 80 फीट की ऊंचाई तक चला गया। उसकी बात किसी को समझ नहीं आ रही थी। पुलिस ने माइक और लाउडस्पीकर की मदद से उसे समझाने का प्रयास किया। उसे मनाया। हालांकि, अशोक कुछ भी मानने या सुनने को तैयार नहीं था। बस इतनी गनीमत रही कि जिसे पोल पर वो चढ़ा था, उसमें बिजली की आपूर्ति नहीं की जाती। आखिरकार पुलिस को मजबूरन उसकी प्रेमिका को बुलाना पड़ा। लड़की ने शादी का आश्वासन दिया तब कहीं रात को तकरीबन 8 बजे अशोक टावर से उतरा। पुलिस ने अशोक उरांव को उसके परिजनों को सौंप दिया। इलाके में घटना की खूब चर्चा हो रही है।